पौंग में 381 और प्रवासी पक्षियों की मौत, बर्ड फ्लू की समीक्षा करने धर्मशाला जाएंगे मुख्यमंत्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश में बर्ड फ्लू के अलर्ट के बीच पक्षियों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पौंग बांध क्षेत्र में बर्ड फ्लू से 381 और प्रवासी पक्षियों की मौत हो गई है। यहां मृत पक्षियों का आंकड़ा 3,400 के करीब पहुंच गया है। देहरादून से आए विशेषज्ञ डॉ. सुरेश ने गुरुवार को केंद्र सरकार को इसकी रिपोर्ट भेज दी है। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आठ जनवरी को जिला कांगड़ा जाएंगे। इस दौरान वे पौंग क्षेत्र में फैले बर्ड फ्लू की समीक्षा करेंगे। जिले में कोरोना महामारी की स्थिति का भी जायजा लेंगे। सीएम का रात्रि विश्राम सर्किट हाउस धर्मशाला में होगा। यहां से दूसरे दिन राजधानी शिमला के लिए रवाना होंगे। जानकारी के अनुसार आठ जनवरी को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शुक्रवार को धर्मशाला आएंगे। सीएम इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक कर कोविड-19 और बर्ड फ्लू के मामलों की समीक्षा करेंगे।
गौर रहे कि कोविड-19 के बीच बर्ड फ्लू से पक्षियों की मौत का सिलसिला जारी है। हालांकि, जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एहतियातन पौंग डैम के एक किलोमीटर एरिया को रेड जोन घोषित किया है। साथ ही नौ किलोमीटर एरिया को निगरानी में रखा है। वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट देहरादून की टीम भी पौंग डैम का दौरा कर चुकी है। प्रधान अरण्यपाल वन्य प्राणी विभाग भी पौंग डैम क्षेत्र के दौरे पर हैं। इसी बीच अब सीएम जयराम ठाकुर भी शुक्रवार को धर्मशाला पहुंचकर जिले में कोविड-19 की स्थिति सहित बर्ड फ्लू के प्रकोप की समीक्षा करेंगे।