कोरोना से हिमाचल को 30 हजार करोड़ का नुकसान: जयराम
कोरोना वायरस के कारण हिमाचल को 30 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक का नुकसान हो चुका है। इस आर्थिक संकट का सामना करने के लिए सरकार को कई कदम उठाने पड़ रहे हैं। बस किराया बढ़ोतरी का फैसला भी सरकार को इसी मजबूरी में लेना पड़ा। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांगड़ा प्रवास के दौरान उपमंडल देहरा के बगली में कही। सीएम ने देहरा भाजपा संगठनात्मक जिला के पदाधिकारियों से कहा कि बस किराये में वृद्धि पर विपक्ष शोर-शराबा कर रहा है, लेकिन विपक्ष को मालूम होना चाहिए कि कोविड -19 महामारी ने प्रदेश को कितना ज्यादा नुकसान पहुंचाया है।
सीएम ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में मिशन रिपीट को सुनिश्चित बनाने के लिए सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। भाजपा कार्यकर्ता भाग्यशाली हैं कि वे विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल से जुड़े हैं और पार्टी का नेतृत्व जगत प्रकाश नड्डा कर रहे हैं जो खुद हिमाचल से हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान राज्य भाजपा ने बूथ स्तर तक लगातार पार्टी कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए रखा है।
नेता, कार्यकर्ता सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन करें :सीएम
धर्मशाला। परिधि गृह धर्मशाला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना संक्रमण को हमने बेहतर तरीके से मैनेज किया है। अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों को मैंने सख्त लहजे में आदेश दिए हैं कि वे सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन करें। कार्यकर्ता मुझे या किसी को भी गुलदस्ता या फूल की स्टिक न दें
लोगों की नौकरी जा रही, सीएम हेलीकॉप्टर में घूम रहे हैं : सुशांत
पूर्व सांसद डॉ. राजन सुशांत ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सीएम चक्रवर्ती सम्राट बनने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा कि धर्मशाला से देहरा जाने के लिए जयराम जिस तरह से सम्राट की तरह हेलीकॉप्टर में बैठे, उससे वह आखिर क्या साबित करना चाहते हैं। शुक्रवार को सुशांत ने कहा कि कोविड काल में दस लाख से ज्यादा लोग हिमाचल में बेरोजगार हो गए हैं। वहीं लगभग दो लाख हिमाचली रोजगार गंवाकर बाहर से राज्य में लौटे हैं। सरकार को चाहिए कि जब तक सभी को उचित रोजगार नहीं मिल जाता, सभी को निशुल्क राशन का घर-घर प्रबंध किया जाए।
यह कोई रहम नहीं बल्कि सरकार का कर्तव्य है। उन्होंने एनपीएस लागू करने से पहले पुरानी पेंशन स्कीम बहाली की मांग की है। डॉ. सुशांत ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री जयराम पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली नहीं कर पाते, उनका संघर्ष जारी रहेगा। आगामी विस चुनाव की रणनीति पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि एक सशक्त क्षेत्रीय दल बनाने की तैयारी कर रहे हैं। आगामी विस चुनाव में बिना किसी की सहायता से प्रदेश की सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा। भाजपा और कांग्रेस के केवल ईमानदार छवि के नेता ही उनसे संपर्क करें।