हिमाचल में 2106 रूट परमिट मंजूर, एसटीए की बैठक में हुआ फैसला
हिमाचल सरकार ने 2106 रूट परमिट को मंजूरी दी है। स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (एसटीए) की बैठक में यह फैसला लिया गया है। इसमें सर्वाधिक मोटर कैब फोर प्लस वन के 1153 रूट मंजूर किए गए है जबकि आठ प्लस वन से लेकर बारह प्लस वन मैक्सी कैब के 795 और कंट्रैक्ट कैरेज के 158 रूट मंजूर किए। इनमें स्कूल और अन्य बस परमिट भी शामिल हैं। ऑल इंडिया परमिट के 12 रूट देने का फैसला भी लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता परिवहन विभाग के निदेशक कैप्टन जेएम पठानिया ने की। इसमें विभागीय अफसरों के अलावा आरटीओ भी मौजूद थे। पठानिया ने बताया कि हिमाचल के युवाओं को रोजगार दिया जाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर आरटीओ कार्यालय से रूट परमिट के लिए आवेदन किए गए थे। जो आवेदनकर्ता बचे हैं, उन्हें दस्तावेज पूरे करने को कहा है।
बस चलाने के लिए दो साल का अनुभव जरूरी
बंजार बस हादसे से सबक लेते हुए परिवहन विभाग ने बस चालकों के लिए सख्ती कर दी है। अब वही चालक स्कूल बस चला सकेंगे, जिनके पास कम से कम दो साल का अनुभव है। उन्हें आरटीओ कार्यालय में यह प्रमाण पत्र देना होगा। जब भी बस मालिक चालक को बदलेगा, सबसे पहले इसकी सूचना आरटीओ कार्यालय में देनी होगी।
डीलर से स्वीकृति के बाद पास होगी गाड़ी
बैठक में फैसला लिया कि अधिकृत डीलर से स्वीकृति के बाद ही परिवहन विभाग बसों की पासिंग करेगा। यह इसलिए ताकि डीलर सही तरीके से गाड़ी की जांच-पड़ताल कर सके।