शर्मनाक! फेल हो गए ये 134 ट्रेनी IPS, कैसे संभालेंगे कानून और व्यवस्था
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल समेत विभिन्न राज्यों में सेवाएं देने के लिए चयनित आईपीएस के 69वें बैच के 134 प्रशिक्षु अपने बेसिक कोर्स में ही फेल हो गए हैं। हैदराबाद स्थित सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में हुई पहले चरण की ट्रेनिंग के रिजल्ट में यह बात सामने आई है।
फेल होने वालों की सूची में भारतीय पुलिस सेवा के अलावा रॉयल भूटान पुलिस, नेपाल पुलिस और मालदीव पुलिस के चयनित प्रशिक्षु शामिल हैं। फेल होने वाले सभी प्रशिक्षु आईपीएस को अब जुलाई में दूसरे चरण की ट्रेनिंग से पहले पहल चरण की परीक्षा दोबारा देनी होगी।
भारतीय पुलिस सेवा में चयनित प्रशिक्षुओं का पहले चरण का बेसिक कोर्स हैदराबाद स्थित सरदार पटेल नेशनल पुलिस अकादमी में 19 दिसंबर 2016 से 30 अक्तूबर 2017 तक चला।
इस कोर्स के दौरान प्रशिक्षुओं को फॉरेंसिक मेडिसिन, फारेंसिक साइंस, स्पेशल लॉ, क्रिमिनोलॉजी, इंटरनल सिक्योरिटी, एथिक्स एंड एचआर, सीआरपीसी, आईपीसी, आईईए, आईसीटी, इनवेस्टिगेशन, फायरिंग, पीटी, स्वीमिंग, पब्लिक प्रबंधन और संगठन का प्रदर्शन जैसे विषय पढ़ाए गए। 30 अक्तूबर के बाद सभी प्रशिक्षु निर्धारित प्रदेश व देश कैडर में दूसरे चरण की प्रैक्टीकल ट्रेनिंग के लिए चले गए।
हिमाचल के तीन, यूपी के 15 प्रशिक्षु दोबारा देंगे परीक्षा
इसी ट्रेनिंग के बीच एनपीए ने सभी प्रदेशों को 69वें बैच के अफसरों का पहले चरण की ट्रेनिंग का रिजल्ट भेज दिया। रिजल्ट में पता चला कि प्रशिक्षण लेने वाले 134 में से ज्यादातर प्रशिक्षु किसी न किसी विषय में फेल हो गए।
न्यूनतम एक और अधिकतम सोलह विषयों तक में फेल हुए हैं। वहीं, कुछ ऐसे भी थे, जो एक से ज्यादा विषय की परीक्षा से गैरहाजिर रहे। बड़ी संख्या में फेल और गैरहाजिर रहे प्रशिक्षु अब जुलाई में अकादमी में होने वाले दूसरे चरण के प्रशिक्षण से पहले दोबारा परीक्षा देंगे।
पहले चरण के प्रशिक्षण की परीक्षा में सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश कैडर के 15 प्रशिक्षु आईपीएस फेल हुए हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के 4, उत्तराखंड का एक, हिमाचल प्रदेश के तीन, हरियाणा के दो और पंजाब के चार प्रशिक्षु दोबारा परीक्षा देंगे।
इसके अलावा नेपाल पुलिस और रायल भूटान पुलिस के पांच पांच और मालदीव पुलिस के चार प्रशिक्षु भी फेल हो गए।