{"_id":"5bd349bdbdec2269a5529263","slug":"11540573629-shimla-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"करवाचौथ के लिए संवारी पहाड़ों की रानी, शिमला के बाजार हुए गुलजार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
करवाचौथ के लिए संवारी पहाड़ों की रानी, शिमला के बाजार हुए गुलजार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
Updated Sat, 27 Oct 2018 11:14 AM IST
विज्ञापन
करवाचौथ के व्रत को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह है। शुक्रवार को शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ आई। लोअर बाजार में दोपहर बाद चलना तक मुश्किल हो गया।
विज्ञापन
चूड़ियों की दुकानों से लेकर, मिट्टी के करवा, नारियल, मेहंदी कीप बेचने वालों की दुकानों तक पर भारी भीड़ उमड़ी रही। देर शाम तक महिलाएं व्रत से जुड़ा सामान खरीदती रहीं। सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भी महिलाओं की भीड़ देर रात तक लगी रही। महिलाओं ने कपड़ों की भी जमकर खरीदारी की है। करवा चौथ के पर्व के चलते ज्वैलर्स और मनियारी की दुकानों पर पूरे दिन महिलाओं का तांता लगा रहा।
विज्ञापन
मेहंदी लगाने वाले भी जमकर चांदी कूट रहे है। उधर, टका बैंच, इंदिरा गांधी खेल परिसर, नाज चौक, लोअर बाजार और कालीबाड़ी समेत कई इलाकों में मेंहदी लगाने वालों के पास महिलाओं की लंबी लाइनें लगी रहीं। करवाचौथ व्रत पर महिलाएं नए वस्त्र पहनकर शृंगार कर पूजा करती हैं। रात्रि में चांद के दर्शन छलनी से कर अर्घ्य चढ़ाकर व्रत तोड़ती हैं।
विज्ञापन
व्यापार मंडल शिमला के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि फेस्टिवल सीजन चल रहा है, करवाचौथ को लेकर बाजारों में खूब रौनक है। ग्राहकों को बढ़िया क्वालिटी में हर वैरायटी का सामान उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
धागे की वर्क वाली चूड़ियां बनीं पसंद
करवा चौथ के लिए बाजार फैंसी चूड़ियों और कड़ों की नई वैरायटी से भरा पड़ा है। धागे की वर्क वाली चूड़ियों को बेहद पसंद किया जा रहा है। कांच की चूड़ियों का स्वरूप भी बदलता जा रहा है उसी के अनुरूप बाजार में चूड़ियां मौजूद हैं। जड़ाऊ चूड़ियों को भी खासा पसंद किया जा रहा है। व्यापार मंडल के पूर्व महासचिव राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि लाख की चूड़ियों और कड़े को करवा चौथ के हिसाब से डिजाइन किया है। बाजार में डिजाइनर चूड़ियां 100 से लेकर 500 रुपये तक हैं।
ऑनलाइन बढ़ीं खरीदारी
करवाचौथ पर ऑनलाइन खरीददारी का प्रचलन तेजी से बढ़ा है। विभिन्न ऑनलाइन शापिंग वेबसाइटों से महिलाएं साड़ियां, चूड़ी, सौंदर्य प्रसाधनों की खरीददारी कर रही हैं। बाजार में धक्के खाने से बचने और बड़ी रेंज, कलर और वैरायटी के लिए महिलाएं ऑनलाइन खरीददारी को भी तरजीह दे रही हैं।
तहबाजारियों पर कोई कार्रवाई नहीं
करवाचौथ से ठीक पहले शहर के बाजारों में तहबाजारियों की भीड़ कई गुणा बढ़ गई है। शुक्रवार को लोअर बाजार में जगह जगह सड़कों पर मजे लगाकर और तिरपाल बिछा कर तहबाजारी अपना सामान बेचते रहे। वहीं, दुकानदारों ने भी आधी से ज्यादा दुकानें सड़क पर सजा दी। इससे बाजार जाम हो गया और लोगों को पैदल चलना तक मुश्किल हो गया। उधर, नगर निगम का कोई कर्मचारी या अधिकारी कार्रवाई करने मौके पर नहीं पहुंचा।
खुले में बेरोकटोक बिक रही मिठाइयां
त्यौहारी सीजन में मुनाफा कमाने के लिए कई कारोबारियों ने मिठाइयां और मट्ठी आदि बेचने के लिए शुक्रवार को खुले में ही दुकानें सजा डालीं। लोअर बाजार, मिडल बाजार और रामबाजार में हर कहीं इसके स्टॉल दिखे। उधर, खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से खुले में बिक रही इन मिठाईयों को लेकर न कोई कार्रवाई की जा रही है और न ही किसी के सैंपल भरे गए हैं।