हिमाचल के 19 हजार से अधिक स्कूलों में रोपे जाएंगे इतने लाख पौधे
प्रकृति और मानव में संतुलन स्थापित करने के उद्देश्य से सूबे के साढ़े 19 हजार सरकारी और निजी स्कूलों में 1.29 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इनकी देखभाल का जिम्मा छात्रों को सौंपा जाएगा। सात अगस्त को ऊना जिले से मुख्यमंत्री हरित विद्यालय अभियान शुरू होगा।
17 अगस्त को धर्मशाला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इसका समापन करेंगे। प्राइमरी और मिडल स्कूलों में पांच-पांच, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में दस-दस पौधे रोपे जाएंगे। बुधवार को शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने राज्य सचिवालय में अभियान की समीक्षा की।
उन्होंने शिक्षा उपनिदेशकों सहित वन विभाग व जिला प्रशासन से वीडियो कांफ्रेंस कर अभियान को सफल बनाने को कहा। भारद्वाज ने बताया कि शिक्षा बोर्ड, शिक्षा विभाग और वन विभाग मिलकर अभियान को चलाएंगे।
वन मंडल अधिकारी पौधे उपलब्ध करवाएंगे। सात अगस्त को ऊना के सलोह स्कूल से अभियान शुरू होगा। ऊना जिले के स्कूल केवल भवन और मैदान का रूप ले चुके हैं। इसके चलते ऊना से अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। आठ से 16 अगस्त तक अभियान को सभी जिलों में चलाया जाएगा।
विद्यार्थी करेंगे पौधों की देखभाल
पौधों की देखभाल के लिए प्रधानाचार्य प्रत्येक सदन के दो-दो विद्यार्थियों को एक-एक पौधे की देखभाल का उत्तरदायित्व देंगे। पौधे का नाम तथा क्रमांक अंकित कर रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। पौधों को आवारा पशुओं से बचाने के लिए लकड़ी, बांस की जालीदार प्रोटेक्शन देने के लिए पाठशाला के मोतियों तथा एसएमसी के सदस्यों की मदद ली जाएगी। गर्मियों में पौधे सिंचित करने के लिए विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्कूल की श्रेणी स्कूलों की संख्या कितने पौधे रोपे जाएंगे कुल पौधे
प्राइमरी 10520 5 52600
मिडल 2531 5 12655
हाई 929 10 9290
सेकेंडरी 1861 10 18610
निजी स्कूल 3654 10 36540
कुल 19495 1,29,695