उदयपुर राजपरिवार संपत्ति विवाद: हाईकोर्ट ने बेटे-बेटियों समेत सभी दावेदारों को बनाया पक्षकार
राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर पीठ ने उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के दिवंगत सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ की संपत्ति से जुड़े विवाद में उनके बेटे लक्ष्यराज सिंह, बेटियों भार्गवी कुमारी और पद्मजा कुमारी तथा बहन योगेश्वरी कुमारी समेत संबंधित आवेदकों को पक्षकार बनाने की अनुमति दी है।
विस्तार
उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के दिवंगत सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ की संपत्ति से जुड़े विवाद में राजस्थान हाईकोर्ट ने अहम आदेश दिया है। जोधपुर पीठ ने सिविल प्रथम अपील खारिज करने की अर्जी ठुकराते हुए सभी संबंधित दावेदारों को मामले में पक्षकार बनाने की अनुमति दे दी है। न्यायमूर्ति रेखा बोराणा ने यह आदेश दिया, जो हाल ही में अदालत की वेबसाइट पर अपलोड हुआ है। अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी दिवंगत पक्षकार के कानूनी प्रतिनिधियों को मामले में शामिल करने का उद्देश्य उसकी संपदा का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है। इससे किसी दावेदार के वास्तविक अधिकारों या वसीयत की वैधता पर अंतिम फैसला नहीं माना जाएगा।
बेटे ने वसीयत के आधार पर मांगा पक्षकार बनने का अधिकार
अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन 16 मार्च 2025 को हुआ था। इसके बाद उनके बेटे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने 7 फरवरी 2025 की वसीयत के आधार पर कानूनी प्रतिनिधि के रूप में पक्षकार बनने की अर्जी दाखिल की थी। वहीं, उनकी बेटियों भार्गवी कुमारी और पद्मजा कुमारी ने भी कानूनी प्रतिनिधि के तौर पर मामले में शामिल किए जाने की मांग की थी। हाईकोर्ट ने उनकी अर्जियों में हुई देरी को माफ कर दिया।
बहन ने भी ट्रस्ट की अध्यक्ष के तौर पर मांगी थी जगह
अरविंद सिंह की बहन योगेश्वरी कुमारी ने महाराणा मेवाड़ इंस्टीट्यूशन ट्रस्ट की अध्यक्ष और जीवित न्यासी होने के आधार पर पक्षकार बनने की अर्जी दी थी। अदालत ने सिविल प्रथम अपील संख्या 420/2020 और उससे जुड़े क्रॉस ऑब्जेक्शंस में सभी संबंधित आवेदकों को पक्षकार बनाने की अनुमति दे दी।
इसके अलावा वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट को भी रिकॉर्ड पर लेने की मंजूरी दी गई है। अदालत ने सभी पक्षों को संशोधित पक्षकार सूची दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले से जुड़े सभी मुद्दों पर अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी।
