नागौर निकाय चुनाव: सास को कांग्रेस से टिकट, दो बहुओं ने ठोकी निर्दलीय ताल; घर-घर पहुंची परिवार की सियासी लड़ाई
नागौर निकाय चुनाव के वार्ड 22 में एक ही परिवार की तीन महिलाएं आमने-सामने हैं। कांग्रेस से सास मुनि सोलंकी उम्मीदवार हैं, जबकि परिवार की दो बहुएं रेखा और बेबी सोलंकी निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
निकाय चुनाव के तहत वार्ड नंबर 22 का मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित इस वार्ड में एक ही परिवार की तीन महिलाएं चुनावी मैदान में आमने-सामने हैं। कांग्रेस ने जगदीश सोलंकी की पत्नी मुनि सोलंकी को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि उनके ही परिवार की दो बहुएं रेखा सोलंकी और बेबी सोलंकी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतर गई हैं। ऐसे में वार्ड 22 का मुकाबला कांग्रेस बनाम निर्दलीय होने के साथ ही सास और दो बहुओं के बीच पारिवारिक सियासी जंग में बदल गया है।
भाजपा से टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय मैदान में उतरीं रेखा
मुनि सोलंकी के भतीजे पप्पू सोलंकी की पत्नी रेखा सोलंकी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। रेखा लंबे समय से भाजपा से जुड़ी रही हैं और उन्होंने पार्टी से टिकट की मांग की थी। हालांकि, पार्टी ने किसी अन्य व्यक्ति को प्रत्याशी बना दिया। इसके बाद रेखा ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया। रेखा सोलंकी का कहना है कि चुनाव लड़ना हर नागरिक का अधिकार है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने से किसी को नहीं रोका जा सकता।
पढे़ं: जहां स्कूल की बदहाली पर हुआ था बवाल, अब उसी जर्जर भवन पर चला बुलडोजर; 18 लाख से बनेगा नया स्कूल
बेबी बोलीं- जीतकर दिखाऊंगी अपनी क्षमता
वहीं, मुनि सोलंकी के दूसरे भतीजे विक्की सोलंकी की पत्नी बेबी सोलंकी भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। बेबी का कहना है कि चुनाव लड़ना हर व्यक्ति का अधिकार है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सास चुनाव मैदान में हैं तो उन्हें चुनाव लड़ने का पूरा अधिकार है, लेकिन वह भी मैदान में रहकर चुनाव जीतने और अपनी क्षमता साबित करने की कोशिश करेंगी।
एक ही मोहल्ले में आमने-सामने प्रचार
कांग्रेस प्रत्याशी मुनि सोलंकी भी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रही हैं। उनका कहना है कि जीत और हार का फैसला आखिरकार वार्ड के मतदाता करेंगे। इस चुनावी मुकाबले की खास बात यह है कि दोनों बहुएं रेखा और बेबी एक ही गली में रहती हैं, जबकि मुनि सोलंकी पीछे की गली में रहती हैं। ऐसे में एक ही परिवार की तीन महिलाओं के बीच चुनावी मुकाबले ने वार्ड 22 के चुनाव को खासा रोचक बना दिया है।