निकाय चुनाव प्रचार के दौरान आरएलपी प्रत्याशी और समर्थकों पर हमला: वीडियो वायरल, बेनीवाल ने की कार्रवाई की मांग
भरतपुर में नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान आरएलपी की वार्ड 20 प्रत्याशी अंजू कुमारी और समर्थकों पर कथित हमले का वीडियो वायरल हुआ। हनुमान बेनीवाल ने घटना की निंदा कर कार्रवाई की मांग की, जबकि पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच की बात कही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भरतपुर नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) की वार्ड नंबर 20 से पार्षद पद की प्रत्याशी अंजू कुमारी और उनके समर्थकों पर कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले को लेकर आरएलपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, अटलबंध थाना क्षेत्र में नीम दा गेट के पीछे स्थित एक गली में पार्षद प्रत्याशी अंजू कुमारी अपने ससुर, अन्य परिजनों और समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार कर रही थीं। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ महिला और पुरुषों द्वारा उनके साथ कथित रूप से मारपीट और धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप है।
पढ़ें: बीकानेर में कांग्रेस जिला अध्यक्ष से मारपीट, टिकट नहीं मिलने पर कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप
अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि अंजू कुमारी और उनके समर्थकों को वहां से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
आरएलपी प्रत्याशी अंजू कुमारी ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन पर और उनके समर्थकों पर हमला किया गया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस मौके पर भी पहुंची, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं, अटलबंध थाना पुलिस का कहना है कि इस संबंध में थाने में फिलहाल कोई शिकायत या सूचना प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आरएलपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि चुनावी माहौल में किसी भी तरह की हिंसा और दबंगई बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।