{"_id":"6a93e360c48096d90b03e345","slug":"probe-initiated-against-abu-road-bjp-city-unit-president-sirohi-news-c-1-1-noi1344-4666741-2026-08-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"आबूरोड में जमीन आवंटन पर विवाद: भाजपा नगरमंडल अध्यक्ष समेत पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायत; जांच शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आबूरोड में जमीन आवंटन पर विवाद: भाजपा नगरमंडल अध्यक्ष समेत पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायत; जांच शुरू
Sun, 30 Aug 2026 03:10 PM IST
सिरोही ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही
Published by: सिरोही ब्यूरो
Updated Sun, 30 Aug 2026 03:10 PM IST
विज्ञापन
नगरपालिका चुनाव से पहले भाजपा की बढ़ी मुश्किलें
- फोटो : अमर उजाला
आबूरोड भाजपा नगरमंडल अध्यक्ष मनीष सिंघल और मंडल महामंत्री के खिलाफ राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने भाजपा पदाधिकारियों पर नियमों के विरुद्ध तरीके से स्ट्रिप ऑफ लैंड आवंटित करवाने का आरोप लगाया है। संपर्क पोर्टल के माध्यम से मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
शिकायतकर्ता के अनुसार, राज्य सरकार के अभियान के तहत आबूरोड नगरपालिका में शिविर आयोजित किया गया था। इस दौरान शहर के वार्ड 37 स्थित रीको कॉलोनी क्षेत्र में 1100 वर्गफीट स्ट्रिप ऑफ लैंड का आवंटन किया गया। आरोप है कि यह आवंटन नियमों के विरुद्ध किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि नियमानुसार शिविर के दौरान 1100 वर्गफीट भूमि में से केवल 50 प्रतिशत हिस्से का ही आवंटन किया जा सकता था, लेकिन पूरी 1100 वर्गफीट भूमि आवंटित कर दी गई। संबंधित जमीन के दस्तावेज बनवारीलाल सोनी के नाम से तैयार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
विज्ञापन
पढ़ें: राखी के दिन युवक की हत्या, प्रेम संबंध और रंजिश का एंगल; भाई-बहन गिरफ्तार
विज्ञापन
भाजपा पदाधिकारियों पर दबाव बनाने का आरोप
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि इस आवंटन को करवाने के लिए आबूरोड नगरपालिका के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी योगेश आचार्य पर दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि भाजपा नगरमंडल अध्यक्ष मनीष सिंघल और मंडल महामंत्री के दबाव में पूरी भूमि का आवंटन कर दिया गया, जो नियमों के विपरीत है।
शिकायतकर्ता ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, स्ट्रिप ऑफ लैंड के आवंटन को निरस्त करने और मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, आबूरोड भाजपा नगरमंडल अध्यक्ष मनीष सिंघल ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि नगरपालिका में संबंधित फाइल पहले से लगी हुई थी और उन्होंने केवल फाइल देखने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी द्वारा कोई गलत काम किया गया है या नहीं, इसकी सच्चाई जांच के बाद सामने आ जाएगी।
गौरतलब है कि आबूरोड नगरपालिका चुनाव 9 सितंबर 2026 को होने हैं। ऐसे में यह मामला चुनावी माहौल में राजनीतिक मुद्दा बन सकता है और विपक्षी कांग्रेस इसे लेकर भाजपा को घेर सकती है।