{"_id":"6aa631b852901de5250240dc","slug":"three-friends-died-in-a-horrific-road-accident-late-saturday-night-near-kali-mori-in-the-aravali-vihar-police-station-area-of-alwar-city-alwar-news-c-1-1-noi1339-4718649-2026-09-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"अलवर: तीन दोस्तों की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर लगाया जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अलवर: तीन दोस्तों की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर लगाया जाम
Sun, 13 Sep 2026 11:08 PM IST
अलवर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर
Published by: अलवर ब्यूरो
Updated Sun, 13 Sep 2026 11:08 PM IST
सार
अलवर में सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत के बाद परिजनों ने इसे साजिश के तहत हत्या बताते हुए अस्पताल के बाहर जाम लगा दिया। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में तेज रफ्तार कार और बाइक की भिड़ंत सामने आई है। हत्या के आरोपों समेत पूरे मामले की जांच जारी है।
विज्ञापन
दुर्घटना
- फोटो : amar ujala
विस्तार
अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में काली मोरी-मोती नगर के पास शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत के बाद रविवार सुबह मामला गरमा गया। हादसे में जितेंद्र उर्फ छोटू राजपूत (22), युवराज उर्फ युवी सैनी (21) और हिमांशु शर्मा (22) की मौत हुई है। तीनों बचपन के दोस्त थे।
विज्ञापन
परिजनों ने दुर्घटना मानने से किया इनकार
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने इसे महज सड़क दुर्घटना मानने से इनकार कर दिया और पुरानी रंजिश के चलते साजिश के तहत हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। इसी मांग को लेकर परिजनों ने अस्पताल के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। अभी तक तीनों के शव नहीं उठाए गए हैं। परिजनों का कहना है कि निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा मिलने तक वे शव नहीं उठाएंगे और जाम नहीं खोलेंगे।
विज्ञापन
पीछे से कार से टक्कर मारने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि तीनों युवकों की बाइक को पीछे से कार से जानबूझकर टक्कर मारी गई। उनका दावा है कि जिस कार से बाइक को टक्कर लगी, वह पुरानी रंजिश से जुड़े एक युवक के नाम पर बताई जा रही है। परिजनों ने कार में हथियार मिलने का भी दावा किया है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
विज्ञापन
परिजनों ने हादसे की स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नाले की दीवार टूटना, काफी दूर तक खून बिखरा मिलना और शवों का अलग-अलग जगह मिलना सामान्य दुर्घटना से अलग परिस्थितियों की ओर इशारा करता है। उन्होंने मामले की गंभीर जांच और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल पहुंचे गौ रक्षक दल और VHP कार्यकर्ता
प्रदर्शन की सूचना पर गौ रक्षक दल के सदस्य और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों के मुताबिक तीनों युवक पशुओं और गायों की सेवा के लिए सक्रिय रहते थे और गौ रक्षक दल से जुड़े हुए थे।
टक्कर इतनी तेज कि टूट गई नाले की दीवार
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे तीनों युवक बाइक से काली मोरी फाटक की ओर से जा रहे थे। उनके पीछे तेज रफ्तार कार आ रही थी। मोती नगर नाले के पास घुमाव पर कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से नाले की करीब पांच फीट ऊंची दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। कार के एयरबैग भी खुल गए। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार जब्त कर ली है।
तीनों की अलग-अलग पहचान, लेकिन दोस्ती थी गहरी
युवराज सैनी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और ताइक्वांडो खिलाड़ी बताया जा रहा है। जितेंद्र उर्फ छोटू तीन भाइयों में बीच का था और होटल व रंगोली गार्डन में काम करता था। हिमांशु दो भाइयों में बड़ा था और भजन गायक था। परिजनों के अनुसार तीनों बचपन से गहरे दोस्त थे और ज्यादातर समय साथ रहते थे।
'हर एंगल से जांच जारी'
अरावली विहार थाना प्रभारी सुनील टांक के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला तेज रफ्तार कार और बाइक की भिड़ंत का सामने आ रहा है। कार जब्त कर ली गई है। हालांकि परिजनों के रंजिश और हत्या के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।