Sardarshahar bypoll: करीब 70 फीसदी हुई वोटिंग, 8 दिसंबर को तय होगा 10 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
राजस्थान में चूरू जिले के सरदारशहर उपचुनाव में 69.91 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ, उपचुनाव में मतदाताओं ने मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान में 5 दिसंबर को विधानसभा क्षेत्र सरदारशहर, चूरू में कुल 295 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हुआ। सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 89 हजार 843 सामान्य मतदाता हैं, जिनमें से 1 लाख 52 हजार 766 पुरुष और 1 लाख 37 हजार 077 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा 498 सर्विस वोटर्स हैं, जिनमें से 488 पुरुष और 10 महिला मतदाता हैं। सरदारशहर निर्वाचन क्षेत्र से कुल 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त प्रांरभिक सूचना के अनुसार, सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र में शाम 5 बजे तक 69.91 प्रतिशत मतदान (अनंतिम) हुआ है। क्षेत्र में सुबह 9 बजे तक 5.28 प्रतिशत, 11 बजे तक 20.10 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 36.68 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे तक 54.95 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान सभी बूथों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं पेयजल, बिजली और रैंप आदि सुनिश्चित की गईं।
सरदारशहर नगरीय क्षेत्र के बाल मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में बूथ संख्या-163 को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया था, जहां सभी व्यवस्थाएं और सुविधाएं उच्च गुणवत्ता की रहीं। सरदारशहर के ही राजकीय टांटिया बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्थापित मतदान केंद्र संख्या में 148 में पूरी प्रक्रिया महिला कार्मिकों ने संपन्न करवाईं। इस संपूर्ण महिला प्रबंधित मतदान केंद्र में मतदान दल के अलावा सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा भी महिला कार्मिकों ने संभाला।
गांव पनपालिया में हुआ मतदान...
पूर्व के चुनावों में मतदान का बहिष्कार करने वाले सरदारशहर के पनपालिया गांव के मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ मतदान किया। पंचायत पुनर्सीमाकंन से नाराज चल रहे पनपालिया के मतदाताओं ने शुरू में पिछली बार की ही तरह विधानसभा उपचुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा की थी। लेकिन इस बार जिला प्रशासन की समझाइश और प्रयासों के बाद ग्रामीण मतदान को राजी हुए और उत्साह के साथ मतदान किया।
मतदान दिवस पर सोमवार सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह दिखाई दिया। अनेक बूथों पर मतदाताओं और विशेषकर महिला मतदाताओं की कतारें दिखाई दीं। पूलासर के बूथ-233 पर नीलम शर्मा ने अपने जीवन में पहली बार मतदान किया। नीलम ने कहा, मतदान हमारा अधिकार है और पहली बार मतदान करके वह बहुत उत्साहित हैं। पूलासर के बूथ संख्या- 234 पर वोट डालने आई युवा मतदाता चारू पारीक ने बताया कि मतदान करके बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। हम सभी को लोकतंत्र के इस महायज्ञ में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
पूलासर में वॉलिंटियर प्रेरणा पारीक ने बताया कि उसे ग्रामीण मतदाताओं का मतदान में सहयोग करके बहुत अच्छा लग रहा है। बीदासर बिदावतान के बूथ नंबर-241 पर लक्ष्मीदेवी (30) ने पैर में चोट और प्लास्टर बंधा होने के बावजूद मतदान केंद्र तक आकर मतदान किया और कहा कि लोकतंत्र में मतदान बहुत जरूरी है। हम सभी को आवश्यक तौर पर मतदान करना चाहिए। उन्होंने बताया, खेत में गिर जाने के कारण उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। उदासर बिदावतान में सुंदर देवी (85) ने अपने परिजनों के साथ आकर मतदान किया।
भारत निर्वाचन आयोग की समावेशी और सुगम चुनाव अवधारणा के चलते पोस्टल बैलेट सुविधा को विस्तारित किया गया है। 80 साल से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक और आवश्यक सेवाओं में संलग्न व्यक्तियों को इसमें जोड़ा गया है। विधानसभा क्षेत्र सरदारशहर में 80 साल से अधिक आयु के 7 हजार 337 मतदाता तथा 2 हजार 463 दिव्यांग मतदाता हैं। 80 साल से अधिक आयु और दिव्यांग मतदाताओं में से 797 ने पोस्टल बैलेट के जरिए मतदान के लिए आवेदन किया था। इनमें से 781 मतदाताओं ने पोस्टल मत का उपयोग कर घर बैठे मतदान किया।
सर्विस मतदाताओं की संख्या 498...
सरदारशहर निर्वाचन क्षेत्र में सर्विस मतदाताओं की कुल संख्या 498 है, जिसमें से 27 सर्विस वोटर्स के डाक मत पत्र प्राप्त हो चुके हैं। सर्विस वोटर्स का मत, मतगणना के दिन मतगणना प्रारंभ होने तक पोस्ट के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है। मतदान कार्मिकों के 133 मतदाताओं में से 39 ने अपने डाक मत का उपयोग किया।
दिव्यांगजनों के लिए 'Each One Reach One' नवाचार...
सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र में नवाचार के रूप में सभी 2 हजार 463 दिव्यांग मतदाताओं के लिए Each One Reach One थीम के तहत कुल 2,463 मतदाता सहायकों की नियुक्ति की गई। दिव्यांगजनों के अधिकतम मतदान को सुनिश्चित करने के लिए संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र को 39 कलस्टर में बांटा गया। प्रत्येक कलस्टर में एक दिव्यांग मतदाता वाहन की व्यवस्था कर दिव्यांग मतदाता की सहायता के लिए वाहन प्रभारियों की नियुक्ति की गई। सभी 295 मतदान केंद्रों पर 295 व्हील चेयर और 41 सुगम दिव्यांग मतदाता वाहनों की व्यवस्था की गई।