{"_id":"63ddc7386d18197b4a7e93ec","slug":"rathore-answered-cma-gehlot-s-ten-questions-2023-02-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan: सीएम के दस सवाल का राठौड़ ने दिया जवाब, बोले- सुरक्षा दी होती, तो प्रदेश बलात्कार में अव्वल न होता","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan: सीएम के दस सवाल का राठौड़ ने दिया जवाब, बोले- सुरक्षा दी होती, तो प्रदेश बलात्कार में अव्वल न होता
Sat, 04 Feb 2023 09:02 AM IST
अर्पित याज्ञनिक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजस्थान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजस्थान
Published by: अर्पित याज्ञनिक
Updated Sat, 04 Feb 2023 09:02 AM IST
सार
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से पूछे गए सभी दस सवालों का जवाब बीजेपी के उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने बड़े ही सियासी अदब के साथ दे दिया है।
विज्ञापन
राजेन्द्र राठौड़
- फोटो : Amar Ujala Digital
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सूबे की गहलोत सरकार पर इन दिनों जमकर आक्रामक हैं। विधानसभा, हाईकोर्ट, जनता के बीच सड़क पर, सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से लगातार राठौड़ सरकार की नाक में दम किए हुए हैं। सीएम अशोक गहलोत की ओर से ट्वीट के जरिए पिछली बीजेपी सरकार बनाम मौजूदा कांग्रेस सरकार के चार-चार साल के कार्यकाल की तुलना करते हुए जो 10 सवाल पूछे गए, तो राजेन्द्र राठौड़ ने सभी दस सवालों के जवाब बड़े ही सियासी अदब के साथ करारे तरीके से दिए। जिसकी चर्चाएं भी शुरू हो गईं हैं।
विज्ञापन
सीएम अशोक गहलोत के दस सवाल और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के जवाब
प्रश्न 1:
हमारी (कांग्रेस) सरकार ने 2018 से अब तक राजस्थान में 266 प्राथमिक विद्यालय खोले हैं।
विज्ञापन
उनकी (बीजेपी) सरकार ने 2013 से 2018 के बीच एक भी नया प्राइमरी स्कूल खोला।
विज्ञापन
क्या भाजपा बता सकती है कि आपने बच्चों की शिक्षा के मौके रोककर उनके भविष्य से खिलवाड़ क्यों किया ?
राठौड़ का जवाब: मुख्यमंत्री जी, आप सरकारी स्कूलों में निःशुल्क ड्रेस भी नहीं दे पा रहे हैं। आप खुद बताएं कि दो ड्रेसों की सिलाई 60 रुपये में संभव है ? दुखद है कि आप विद्यार्थियों के लिए अध्ययन सामग्री की व्यवस्था करने के बजाय कैलेण्डरों से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार बच्चों से करवा रहे हैं।
प्रश्न 2.
2018 से हमारी सरकार ने 1,453 प्राथमिक विद्यालयों को उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अपग्रेड किया।
भाजपा सरकार ने केवल 178 प्राथमिक विद्यालयों को अपग्रेड किया। हमने भाजपा से आठ गुना बेहतर काम किया, उनको ऐसा करने से किसने रोका था?
राठौड़ का जवाब: मुख्यमंत्री जी, असर 2022 की रिपोर्ट के अनुसार सरकारी विद्यालय में 5वीं कक्षा में पढने वाले 62% बच्चों का स्तर दूसरी कक्षा तक भी नहीं है। प्राथमिक विद्यालयों के नाम के आगे महज उच्च लगाने से विद्यालय अपग्रेड नहीं होते। उसके लिए मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता भी होती है। अगर आप प्राथमिक विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता पर ध्यान देते, तो आज 8वीं कक्षा में पहुंच चुके 29.5% बच्चों का स्तर दूसरी कक्षा के पुस्तक पढ़ने तक नहीं होता। प्राथमिक से लेकर माध्यमिक शिक्षा के हालात कुछ और ही हैं।
प्रश्न 3.
2018 से कांग्रेस सरकार ने बनाए:-
- 21 नए जिला अस्पताल
- 41 नए उप जिला अस्पताल
- 500 उपकेंद्र
- 8 सैटेलाइट अस्पताल
2013-18 तक भाजपा सरकार ने 0 नए जिला अस्पताल बनाए, 0 नए उप जिला अस्पताल केवल, 7 उप केंद्र और केवल 1 सैटेलाइट अस्पताल बनाया, क्यों?
राठौड़ का जवाब: अस्पताल पर्याप्त संसाधनों के साथ ही खुलने चाहिए। रूरल हेल्थ स्टैटिक्स की 2021-22 की रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान में 79%, स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के पद रिक्त हैं। आपने खुद कहा था कि जब आप प्रदेश के सबसे बड़े एसएमएस अस्पताल में भर्ती हुए थे, तो आपको गंदगी देखकर शर्मिंदा होना पड़ा।
प्रश्न 4.
2018 से कांग्रेस सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन में बांटे 20,722 करोड़
2013-18 में भाजपा सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन में मात्र 5,345 करोड़ दिए। कांग्रेस ने बुजुर्गों को सहारा देने के लिए चार गुना अधिक पेंशन दी?
राठौड़ का जवाब: वृद्धावस्था पेंशन की सच्चाई जगजाहिर है। पात्रता धारियों को परेशानियों के सिवाय और कुछ नहीं मिला।
प्रश्न 5.
2018 से, राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने 8,160 करोड़ रुपए की सहायता से एकल महिलाओं की मदद की है।
2013-18 में भाजपा सरकार ने मात्र 856 करोड़ रुपये की सहायता दी।
मैं जानना चाहता हूं कि क्या भाजपा बता सकती है कि उन्हें महिलाओं को संबंल देने में क्या परेशानी थी?
राठौड़ का जवाब: मुख्यमंत्री जी आप महिलाओं को संबल देने की बात कर रहे हैं ? अगर गृहमंत्री के रूप में आपने प्रदेश की बहन-बेटियों को सुरक्षा दी होती, तो राजस्थान आज एनसीआइबी के आंकड़ों में बलात्कार के मामले में देश में पहले पायदान पर नहीं होता।
प्रश्न 6.
2018 से राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने विकलांगों को 2,170 करोड़ रुपये की पेंशन दी है।
2013-18 में राजस्थान में भाजपा सरकार ने इन्हें मात्र 425 करोड़ रुपये पेंशन दी।
भाजपा बताए कि उन्होंने विकलांगों के कल्याण में कंजूसी क्यों की?
राठौड़ का जवाब: जमीनी हकीकत जानते, तो पता चलता कि दिव्यांगजनों को अपने ही कार्यों के लिए सरकारी महकमों में किस कदर परेशान होना पड़ता है।
प्रश्न 7.
कांग्रेस सरकार ने 2018 से किसानों को 3.27 लाख बिजली कनेक्शन दिए।
2013-18 में भाजपा सरकार ने किसानों को केवल 1.7 लाख बिजली कनेक्शन दिए।
मैं भाजपा से पूछना चाहता हूं कि उनकी सरकार किसानों के बिजली कनेक्शनों को अटकाकर क्यों रखती थी?
राठौड़ का जवाब: राज्य में 3 लाख 38 हजार विद्युत कनेक्शन जारी करने की बजटीय घोषणा के लिए टर्नकी प्रोजेक्ट के जरिए 1600 करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया। चहेती कंपनी को ही टेंडर मिले, इसके लिए निविदा की शर्तों में 6 बार तारीखों को बदलने का इतिहास किसने बनाया था ?
किसानों को दिन में पर्याप्त बिजली देने के वादे को पूरा करने के लिए बजट वर्ष 2021-22 में आपके द्वारा की गई नई कृषि विद्युत वितरण कंपनी 'एग्रीकॉम' के गठन की घोषणा का क्या हुआ ? अगर दिन में बिजली दे रहे हो, तो फिर किसान कड़ाके की ठंड में सिंचाई करने को क्यों मजबूर हैं ?
प्रश्न 8:
2018 से अब तक राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने फसल बीमा में 18 हजार करोड़ से अधिक का वितरण किया है।
2013-18 में भाजपा सरकार ने फसल बीमा में 6 हजार करोड़ रुपये से भी कम बांटे।
राठौड़ का जवाब: मुख्यमंत्री जी अभी हाल ही में अतिवृष्टि और ओले गिरने से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए आपने कितने स्थानों पर विशेष गिरदावरी करवाई ? प्रदेश में कितने किसानों का कर्ज माफ हुआ और कितने किसानों की जमीनें कुर्क की गईं ?
प्रश्न 9:
2018 से राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने 6 नए मेडिकल कॉलेज खोले हैं।
2013-18 में भाजपा सरकार ने सिर्फ 1 नया मेडिकल कॉलेज खोला।
मेडिकल कॉलेज खोलकर राजस्थान के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने से भाजपा को परहेज क्यों था?
राठौड़ का जवाब: ये कैसी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं हैं ! राजस्थान के मेडिकल कॉलेजों और इनसे जुड़े अस्पतालों में डॉक्टरों सहित विभिन्न संवर्ग के हजारों पद रिक्त पड़े हैं। यह बात किसी से नहीं छुपी है। जिसका खामियाजा न केवल मरीजों को बल्कि मेडिकल छात्रों को भी भुगतना पड़ रहा है।
प्रश्न 10:
2018 से राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने 42 नए कृषि कॉलेज खोले हैं।
2013-18 में भाजपा सरकार ने केवल 1 नया कृषि महाविद्यालय खोला। क्या भाजपा कृषि के साथ कृषि शिक्षा को भी खत्म करने की सोच रखती थी ?
राठौड़ का जवाब: राजस्थान में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की बिना मान्यता के पहले से ही कई कृषि कॉलेज संचालित हैं। जिनकी डिग्री दूसरे राज्यों में नौकरी और दाखिले के काम नहीं आती। मुख्यमंत्री जी आप पहले ये बताएं कि राजस्थान में कितने कृषि कॉलेज को ICAR से मान्यता मिली है ? आपकी क्या सोच है ?
नए मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज में केंद्र सरकार का 60% योगदान
राजेन्द्र राठौड़ ने सीएम गहलोत की ओर से हेल्थ, शिक्षा समेत अन्य मुद्दों पर किए गए ट्वीट और बीजेपी से तुलना पर भी पलटवार किया।
राठौड़ का जवाब: राज्य सरकार के मुखिया अशोक गहलोत जी झूठी वाहवाही लूटने के लिए बड़ी संख्या में नवीन मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज खोलने के खोखले दावे कर कर रहे हैं। जबकि इसमें केंद्र सरकार का भी 60% का योगदान है। दुर्भाग्य है राज्य सरकार कॉलेजों में फैकल्टी की नियुक्ति के लिए कोई भर्ती नहीं कर रही।
राज्य सरकार महज औपचारिकता के लिए खोले गए सभी मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज में स्टाफ को प्रतिनियुक्ति पर लगा कर इति श्री कर रही है। हकीकत में सरकार की ओर से नए खोले गए किसी भी नर्सिंग कॉलेज के पास भवन, लैब और अन्य संसाधनों की सुविधा तक नहीं है।
नर्सिंग स्टूडेंट्स राज्य के बाहर देश-विदेश में नौकरी नहीं कर सकते
दुर्भाग्य की बात है कि राज्य सरकार ने किसी भी नए नर्सिंग कॉलेज की सुटेबिलिटी के लिए नर्सिंग की केंद्रीय रेग्युलेट्री बॉडी में कोई आवेदन नहीं कर रखा है। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि सुटेबिलिटी नहीं होने से नर्सिंग स्टूडेंट्स राज्य के बाहर देश-विदेश में नौकरी नहीं कर सकते।
अपराधियों की ताबड़तोड़ फायरिंग से आमजन में दहशत
उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस शासन में आतंक का पर्याय बन चुके राजस्थान में अब अपराधियों द्वारा ताबड़तोड़ की जा रही फायरिंग की गूंज से आमजन दहशत में है। लेकिन इस गूंज से चिरनिद्रा में सोई सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। जयपुर, जोधपुर, धौलपुर और चित्तौड़गढ़ हर जगह अपराधियों का बोलबाला है।