Jaipur: बहाने से फ्लैट पर ले जाकर दोस्त ने किया दुष्कर्म का प्रयास, धक्का देकर भागी छात्रा
जयपुर में एक युवती ने अपने दोस्त पर दुष्कर्म करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि दोस्त उसे घूमाने के बहाने फ्लैट पर ले गया, जहां उसने उसके साथ ज्यादती की।
विस्तार
जयपुर में एक कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। दोस्त ने ही युवती को फ्लैट में ले जाकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। युवती जैसे-तैसे फ्लैट से निकलकर वहां से भागी।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार असम निवासी 22 साल की युवती ने मानसरोवर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। युवती ने बताया कि वह एक होस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही है। तीन महीने पहले ही उसकी दोस्ती मानसरोवर निवासी जितेंद्र यादव से हुई थी। गुरुवार की दोपहर आरोपी उससे मिलने उसके हॉस्टल आया। जिसके बाद दोनों कार से घूमने बाहर निकल गए।
घूमने के कुछ देर बाद आरोपी ने उसे फ्लैट पर चलने को कहा। फ्लैट पर ले जाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। पीड़िता ने शोर मचाया और आरोपी को धक्का देकर वहां से भागी। पीड़िता ने थाने में जाकर आरोपी जितेंद्र यादव के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।