Rajasthan Weather Update: गर्मी के कहर से मिलेगी राहत, इन जिलों में आज होगी बारिश
राजस्थान वासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर सहित कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
विस्तार
राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में कई जिलों में तेज हवा और बारिश होने की संभावना है। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
जयपुर संभाग में सोमवार को कहीं-कहीं पर बादलों की गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में में तेज हवाओं और मेघ गर्जन की संभावना है। यहां भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
कल यहां बारिश और आंधी की संभावना
इसी तरह मंगलवार को भी पूर्वी राजस्थान के जयपुर और पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर रफ्तार की हवाओं के साथ कई जगह धूलभरी आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। झुंझुनू, सीकर और अलवर जिलों में 30 से 40 किमी रफ्तार से धूलभरी आंधी के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। जैसलमेर और चूरू में इस दौरान लू का कहर जारी रहेगा। मंगलवार को झुंझुनू, सीकर, अलवर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में तेज हवाओं के साथ धूलभरी आंधी और बूंदाबांदी देखने को मिलेगी।
प्रदेश के अधिकतम शहरों के तापमान की बात करें तो रविवार को चूरू और हनुमानगढ़ का पारा सबसे अधिक रहा। चूरू और हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान 47.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।