Rajasthan Weather Update: प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना, तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक बारिश होने की संभावना है। इसको लेकर कई जिलों में बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
विस्तार
राजस्थान के सभी जिलों में रविवार को मानसून मेहरबान रहेगा। वहीं कोटा संभाग में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। आज प्रदेश के बारां, कोटा और झालावाड़ में कहीं-कहीं भारी बरसात हो सकती है। मौसम विभाग ने बूंदी, कोटा और झालावाड़ में अति भारी बारिश, वज्रपात और मेघगर्जन को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आगामी चार दिनों तक मेघ बरसने से आमजन को राहत मिलेगी। रविवार को जयपुर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, भीलवाड़ा, अजमेर, टोंक, कोटा, बूंदी, बारां, सवाई माधोपुर, झुंझुनू, चूरू, सीकर, नागौर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, उदयपुर, अलवर समेत अन्य जगह पर बारिश की संभावना है। मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। जयपुर, कोटा, टोंक, बूंदी जिले में कहीं-कहीं पर आकाशीय बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं 28 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। जयपुर में रविवार सुबह से ही बादल छाए हुए थे, उसके बाद बारिश हुई। प्रदेश में तापमान की बात करें तो सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर का 40.8 दर्ज किया गया है। इसके बाद सबसे अधिक पारा पिलानी का 39.1 दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में झालावाड़, धौलपुर और कोटा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी राजस्थान में सर्वाधिक बारिश खानपुर, झालावाड़ में 72 मिमी जबकि पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर शहर में 64 मिमी दर्ज की गई है।