सोशल मीडिया से भारत में मिला दो साल पहले पाकिस्तान में खोया बालक?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोशल मीडिया की एक पोस्ट ने दो साल पहले पाकिस्तान में खोये एक बालक को भारत से ढूंढ निकाला। बालक के परिजन उसे वापस पाकिस्तान ले जाने की कवायद में लगे हुए हैं।
मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार पाकिस्तान के खैबर पख्तुनख्वा सूबे से दो साल पहले तुफैल इस्माइल नाम का बालक अपने घर से गुमशुदा हो गया था। दो साल बाद उसके अचानक राजस्थान के गंगानगर में होने का पता चला।
खास बात ये है कि बालक को सऊदी अरब में रहने वाले उसके चाचा ने सोशल मीडिया में शेयर एक तस्वीर के द्वारा पहचाना। पाकिस्तानी अखबार द डॉन के अनुसार बालक के पिता जफर अली ने बताया कि तस्वीर को भारत की रहने वाली सामाजिक कार्यकर्ता सुजेवा परेरा ने सोशल मीडिया में शेयर किया था।
जफर ने बताया कि परेरा ने तस्वीर के साथ अपना फोन नंबर भी शेयर किया था जिससे बच्चे के परिजनों के बारे में कोई सूचना दी जा सके। बालक तुफैल के चाचा ने जब उस नंबर पर संपर्क किया तो परेरा ने उसे बच्चे के बारे में जानकारी दी जो गंगानगर पुलिस की सुरक्षा में था।
राजस्थान के डीजीपी ने पूरी घटना को बताया अफवाह
हालांकि राजस्थान के डीजीपी मनोज भट्ट और गंगा नगर के एसएसपी राहुल कताकेय ने इस संबंध में किसी तरह की जानकारी से इंकार किया है। उन्होंने इस सारे घटनाक्रम को अफवाह बताया है।
वहीं पाकिस्तानी अखबार डॉन के अनुसार तुफैल 6 जून 2014 को उस समय गायब हो गया था जब उसका परिवार खैबर पख्तुनख्वा के चारसड्डा जिले में अपना घर सरदारयब से तरनाब में शिफ्ट कर रहा था।
रिपोर्ट के अनुसार जफर को अपने बेटे तुफैल के बारे में 45 दिन पहले पता चला था लेकिन वह अभी तक उसे वापस लाने में सफल नहीं हो सका है। परिवार को उम्मीद है कि पाकिस्तान सरकार इस मामले में उसकी मदद करेगी। अखबार के अनुसार उसके परिवार ने मामले में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी गुहार लगाई है।