Rajasthan: सिरोही में सतीश पूनिया का भव्य रोड शो, कहा-2023 में प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी भाजपा की सरकार
सिरोही में सतीश पूनिया ने कहा कि देश में भाजपा की लहर है। राजस्थान विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी क्योंकि गहलोत सरकार से कोई खुश नहीं है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया सिरोही जिले के प्रवास पर रहे। आबूरोड से लेकर सिरोही जिला मुख्यालय तक विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष का भव्य रोड शो निकला।
आबूरोड से लेकर सिरोही जिला मुख्यालय तक रोड शो के माध्यम से पूनिया ने जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित कियाl इस दौरान पूरे रोड शो में लाखों कार्यकर्ता, किसान, युवा महिलाएं और सभी सातों मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत कियाl
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल और मजबूत नेतृत्व में पूरे देश में भगवा ही भगवा लहरा रहा है। भगवा के मान के लिए, हिंदुस्तान की शान के लिए, राजस्थान के स्वाभिमान के लिए और राष्ट्रवाद के विचार के साथ पूरे जोश और ताकत के साथ हमें चलना है। 2023 के बाद राजस्थान कभी पीछे मुड़कर नहीं देखेगा और हिंदुस्तान के अग्रणी राज्यों में शुमार होगा। 2023 में राजस्थान में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी। यह भरोसा और विश्वास मैं पार्टी का मुख्य कार्यकर्ता और किसान पुत्र होने के नाते आपको देता हूं। बस इसी तरह विधानसभा चुनाव तक अथक परिश्रम करने की जरूरत है।
2023 में राजस्थान में बनेगी भाजपा की सरकार
पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और जनकल्याणकारी नीतियों से 2022 में गुजरात, 2023 में राजस्थान और 2024 में फिर से केंद्र में प्रचंड बहुमत की भाजपा की सरकार बनेगी, क्योंकि मोदी के नेतृत्व में हाल ही में 4 राज्यों में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकारें बनी हैं। पूरे देश में मोदी लहर में भाजपा का माहौल है। 2024 में पूरा भारत कांग्रेस मुक्त होगा और इसी के साथ मोदी का कांग्रेस मुक्त भारत का कथन पूरा हो जाएगाl
गहलोत सरकार से कोई खुश नहीं
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने गहलोत सरकार को घेरते हुए कहा कि अशोक गहलोत सरकार से कोई भी वर्ग खुश नहीं है, क्योंकि प्रदेश का लगभग 60 लाख किसान संपूर्ण किसान कर्जमाफी की वादाखिलाफी से छला गया। युवाओं के भविष्य के साथ पेपर लीक इत्यादि मामलों से खिलवाड़ किया गया। साथ ही प्रदेश में बेरोजगारी दर 32 फीसदी से अधिक के साथ देश में सबसे अधिक है।
पूरे देश में राजस्थान में डीजल-पेट्रोल पर सबसे अधिक वैट होने के कारण सबसे महंगा डीजल-पेट्रोल राजस्थान में मिल रहा है। कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि पूरे प्रदेश में कहीं भी बहन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। पिछले एक साल में 7 हजार से अधिक दुष्कर्म, गैंगरेप और छेड़छाड़ के मामले दर्ज हो चुके हैं और पिछले तीन साल में अपराध के लगभग सात लाख मामले हैं।