{"_id":"3ee10ee4-24e9-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"police-arrested-fake-ias","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुलिस के हत्थे चढ़ा फर्जी आईएएस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पुलिस के हत्थे चढ़ा फर्जी आईएएस
जयपुर/इंटरनेट डेस्क
Updated Fri, 02 Nov 2012 06:01 PM IST
विज्ञापन
फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर ठगने वाले युवक को ज्योति नगर थाना पुलिस ने भोपाल में पकड़ लिया। बारहवीं पास रामबाबू गुर्जर (35) नाम का यह युवक खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रोग्राम ऑफिसर बताता था। साथ ही वह लोगों को अपनी ठगी के जाल में फंसाकर पैसे भी ऐंठ लिया करता था। अभियुक्त भोपाल के भामोरा गांव का निवासी है और भोपाल में उसके के खिलाफ आर्म्स एक्ट एवं दुष्कर्म का प्रकरण भी दर्ज है।
विज्ञापन
अभियुक्त ने विधायक नगर पूर्व निवासी वकील जयराम को किसी बड़ी कम्पनी में कानूनी सहलाकार बनाने का झांसा देकर उनसे पांच लाख रूपए ऐंठ लिए थे। इसी तरह उसने भोपाल के 5-7 सरपंचों से 2-2 लाख रूपए प्रधानमंत्री कार्यालय से काम करवाने के नाम पर ठगे। पुलिस ने अभियुक्त से लालबत्ती कार, लोकसभा व प्रधानमंत्री कार्यालय के पास भी बरामद किए हैं। पास प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहे हैं। यही पास दिखाकर वह लोगों का फंसाता था।
विज्ञापन
रामबाबू कुछ दिन जयपुर के ज्योति नगर क्षेत्र में किराए पर रहा था। उसकी गाड़ी पर प्रधानमंत्री कार्यालय की पट्टी लगी थी। इसी दौरान वह लालबत्ती की स्कॉर्पियो लेकर विधानसभा के आसपास घूमता रहता था। ठगी के बाद उसने भोपाल की पॉश कॉलोनी में किराए पर मकान ले लिया था। पुलिस उसे तलाशती हुई भोपाल पहुंची पर उसका मोबाइल बंद मिला। तब उसके क्रेडिट कार्ड की जानकारी मिली, जिससे वह लगातार खरीददारी कर रहा था। पुलिस ने उसे बुधवार का धर दबोचा। अभियुक्त के पास मिली गाड़ी गुड़गांव से खरीदी गई थी, जिसके बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
विज्ञापन