राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव: 24 जिलों में कांग्रेस का कब्जा, भाजपा 10 पर सिमटी; चूरू और ब्यावर में बड़ा उलटफेर
राजस्थान के 37 जिलों में जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने 24 सीटें जीतकर बढ़त बनाई। भाजपा को 10 सीटें मिलीं। चूरू और ब्यावर के नतीजे सबसे चौंकाने वाले रहे।
विस्तार
राजस्थान में जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। बुधवार को 37 जिला परिषदों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 24 जिलों में जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमाया। भाजपा को 10 जिलों में जीत मिली, जबकि दो जिलों में भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) और नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) का जिला प्रमुख बना है। चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा चूरू और ब्यावर के नतीजों की रही। चूरू में बहुमत नहीं होने के बावजूद भाजपा ने बाजी मार ली, जबकि ब्यावर में बहुमत के बाद भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।
चूरू में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह भाजपा की ओर से जिला प्रमुख चुनी गईं। यहां भाजपा के पास बहुमत नहीं था, इसके बावजूद पार्टी अपना प्रत्याशी जिताने में कामयाब रही। इसके उलट ब्यावर में भाजपा के 14 जिला परिषद सदस्य होने के बाद भी उसकी प्रत्याशी निर्मला रावत चुनाव हार गईं। कांग्रेस की ममता गुर्जर ने एक वोट से जीत दर्ज की। यहां कांग्रेस के 13 सदस्यों ने मतदान किया था।
बीकानेर में कांग्रेस विधायक की बहू जीतीं, जैसलमेर में 21 साल की जिला प्रमुख
बीकानेर जिला प्रमुख का चुनाव भी काफी चर्चा में रहा। यहां कांग्रेस विधायक की बहू निकिता डूडी ने जीत हासिल की। वहीं जैसलमेर में कांग्रेस की 21 वर्षीय संतोष कुमारी जिला प्रमुख चुनी गईं। उन्हें राजस्थान की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बताया जा रहा है।
दौसा में कांग्रेस विधायक डीडी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख चुनी गईं। सवाई माधोपुर में पूर्व मंत्री अशोक बैरवा की पत्नी आशा देवी को भी निर्विरोध जीत मिली। जैसलमेर में भी कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कुमारी निर्विरोध चुनी गईं। इस तरह तीन जिलों में कांग्रेस प्रत्याशियों को बिना मतदान के ही जीत मिली।
यह भी पढें- राजस्थान पंचायती राज चुनाव: भाजपा में सियासी हलचल, सरकार-संगठन में खींचतान
दो जिलों में लॉटरी से तय हुआ जिला प्रमुख
जिला प्रमुख चुनाव में दो जिलों में मुकाबला बराबरी पर पहुंचने के बाद लॉटरी से फैसला करना पड़ा। डूंगरपुर में बीएपी के अनुतोष और भाजपा के कांतिलाल डामोर के बीच मुकाबले का नतीजा लॉटरी से निकला। इसमें अनुतोष विजयी रहे। वहीं डीडवाना-कुचामन में भाजपा के बुद्धाराम को लॉटरी के जरिए जिला प्रमुख चुना गया। यहां कांग्रेस की पूनम को हार मिली। महिला प्रतिनिधित्व के लिहाज से भी इन चुनावों का नतीजा अहम रहा। प्रदेश के 37 जिलों में से 26 में महिला जिला प्रमुख चुनी गई हैं।
