Kota: 'लड़के से हुआ था पर प्यार मेरा झूठा नहीं था' लिखकर छात्र ने फांसी लगाई, इंजीनियरिंग की कर रहा था तैयारी
छात्र मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा का रहने वाला था। वह पिछले दो महीने से कोटा में रहकर इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा था। सुसाइड करने से पहले उसने दोस्तों से बातचीत की और खाना भी खाया था। उसके बाद उसने कमरे में जाकर आत्महत्या कर लिया।
विस्तार
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार छात्र ने सुसाइड नोट में लिखा कि 'सॉरी, मम्मी-पापा पर मैं किसी चीज के लायक नहीं हूं।' आपका बेटा बहुत लड़ा लेकिन हार गया। इतना पैसा मुझ पर बर्बाद करने के लिए सॉरी। अब बस चचू की पढ़ाई का खर्चा लगेगा लेकिन मेरा प्यार झूठा नहीं था, लड़के से हुआ था। लेकिन सच्चा था एकदम। भव्य से बहुत बहुत प्यार करता हूं।
छात्र का नाम प्रथम जैन था। उसके पिता निजी डॉक्टर हैं। कोटा में वो दो महीने से रहकर कोचिंग की तैयारी कर रहा था। उसके दोस्तों ने बताया कि शुक्रवार को वह कोचिंग नहीं गया था। उसने सुबह 10 बजे दोस्तों से बातचीत की और उनके साथ खाना खाया था। फिर दोस्त चले गए।
दोस्तों ने दो बजे जब उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया तो उसने दरवाजा नहीं खोला। दोस्तों को लगा कि वो सो रहा होगा। शाम को फिर दरवाजा खटखटाया लेकिन उसने फिर दरवाजा नहीं खोला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का गेट खोला तो छात्र का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। सूचना पर उसके परिजन कोटा पहुंच गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंपा जाएगा।