{"_id":"6471683dcd30abf33003c9f4","slug":"mla-bharat-singh-wrote-a-letter-to-cm-gehlot-who-reached-baran-2023-05-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan: बारां पहुंचे गहलोत को भरत सिंह ने लिखा पत्र- 'भ्रष्टाचार की गंगा की खोज करते सीएम पहुंचे गंगोत्री'","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan: बारां पहुंचे गहलोत को भरत सिंह ने लिखा पत्र- 'भ्रष्टाचार की गंगा की खोज करते सीएम पहुंचे गंगोत्री'
Sat, 27 May 2023 07:47 AM IST
अर्पित याज्ञनिक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बारां
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बारां
Published by: अर्पित याज्ञनिक
Updated Sat, 27 May 2023 07:47 AM IST
सार
सीएम के बारां पहुंचने पर भड़के कांग्रेस विधायक भरत सिंह ने गहलोत को पत्र लिख दिया, जिस पर सियासी बवाल तय माना जा रहा है।
विज्ञापन
विधायक भरत सिंह और सीएम गहलोत।
- फोटो : Amar Ujala Digital
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बारां जिले में शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया की ओर से आयोजित सर्वधर्म नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन में सीएम गहलोत के शिरकत करने पर कांग्रेस विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने सीएम गहलोत और मंत्री प्रमोद जैन भाया दोनों पर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर निशाना साधा है। विधायक भरत सिंह ने सीएम गहलोत को ऐसा पत्र लिख दिया है, जिस पर सियासी बवाल तय माना जा रहा है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को बारां जिले में पहुंचकर खनन और गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया की ओर से आयोजित निःशुल्क सर्वधर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन में हिस्सा लिया। इसके बाद कोटा के सांगोद से विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया दोनों को ही भ्रष्टाचार के मामले पर जमकर घेरा। विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने एक पत्र मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम लिखकर उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी सार्वजनिक कर दिया है। मंत्री प्रमोद जैन भाया ने पत्र का विषय लिखा है 'भ्रष्टाचार की गंगा की खोज करते-करते मुख्यमंत्री आखिर पहुंचे गंगोत्री।'
विज्ञापन
ईमानदारी की दुहाई देने वाले सीएम खुद खुलेआम भ्रष्टाचार को आशीर्वाद देते हैं
विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने अपने लेटर हेड पर लिखे पत्र का मजमून इस तरह रखा...
"आदरणीय अशोक गहलोत साहब,
वर्ष 2019-20 में वर्तमान कांग्रेस सरकार का प्रथम बजट पेश करते समय आपने प्रश्न किया था कि प्रदेश में भ्रष्टाचार की गंगा किसने बहाई। बजट भाषण के पेज 20 पर पैरा 81 में आपने यह कहा था कि 'भ्रष्टाचार की इस बहती गंगा में ईमानदार लोग भी भ्रष्ट हो गए हैं।' आपने सोच समझकर अपने मन की बात कही थी। बापू के सिद्धांतों पर अमल करते हुए उनके सपनों को साकार करने की बात भी उनकी 150वीं जयंती पर अपने बजट भाषण में की थी।
विज्ञापन
26 मई 2023 को बारां में भाया द्वारा आयोजित महाकुंभ में जाकर आपने यह साबित कर दिया कि ईमानदारी की दुहाई देने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं खुलेआम भ्रष्टाचार को आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
'गजब है भाया और भाया की यह माया', 'भाया रे भाया तूने खूब खाया' : भरत सिंह
विधायक भरत सिंह ने लेटर में आगे लिखा 'गजब है भाया और भाया की यह माया।' भाया ने इतिहास रच डाला। जैन तीर्थ बनाया। सर्वजातीय निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन रच दिया। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होगा बारां का नि:शुल्क विवाह सम्मेलन। धन्य है श्री महावीर गौशाला सेवा संस्थान। धन्य है प्रदेश का गोपालन मंत्री। धन्य है प्रदेश के मुख्यमंत्री। 'भाया रे भाया तूने खूब खाया'।
संत कबीर ने सही कहा है कि:-
"आधी व रूखी भली, सारी तो संताप।
जो खावेगा चूपड़ी बहुत करेगा पाप।।"
क्या है पूरा माजरा ?
दरअसल विधायक भारत सिंह कुंदनपुर और मंत्री प्रमोद जैन भैया की लंबे समय से अदावत चली आ रही है दोनों एक दूसरे पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप करते रहते हैं। विधायक भरत सिंह ने कई बार सीएम गहलोत को मंत्री प्रमोद जैन भाया के पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए चिट्ठियां लिखी हैं। विधानसभा में भी मुद्दा उठाया है। यहां तक की जगह जगह पोस्टर-होल्डिंग भी सड़कों पर पिछले दिनों लगवा दिए थे। जिन पर लिखा था भाया रे भाया, तूने खूब खाया। मंत्री प्रमोद जैन भाया के करीबी लोगों पर भी भ्रष्टाचार और माइंस लेने के आरोप विधायक ने लगा चुके हैं। जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को जयपुर से विशेष विमान से बारां पहुंचकर खनन और गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया के साथ मंच शेयर करते हुए सर्व धर्म नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन में शिरकत की तो विधायक भरत सिंह और आग बबूला हो गए।
उन्होंने इसके बाद सीएम गहलोत और कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया दोनों को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए चिट्ठी लिखकर सार्वजनिक कर दी। गहलोत ने बारां में हुए नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन में 2222 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया था। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सामूहिक विवाह के आयोजन से नवदम्पतियों को सम्बल मिलता है और सामाजिक समरसता की भावना भी सुदृढ़ होती है। ये ही हमारे देश की मूल पहचान है। बारां में सभी धर्मों के 2222 जोड़ों का सामूहिक विवाह एक ऐतिहासिक कार्यक्रम है। समाज के विभिन्न वर्गों के युवक-युवतियों के सामूहिक विवाह से मानवता की सेवा को सर्वोपरि रखकर एक मिसाल कायम की गई है। यह कार्यक्रम बारां में श्रीमहावीर गौशाला कल्याण संस्थान की ओर से रखा गया, जिसके प्रेरणा स्रोत और कर्ता-धर्ता कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया थे।
इस दौरान खनन और गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा था कि सामूहिक विवाह के आयोजन से हजारों युवक-युवतियां विवाह के बंधन में बंधे हैं और सभी वर्गों के गणमान्य लोगों ने आकर उन्हें आशीर्वाद दिया है। सामूहिक विवाह सम्मेलन में सीएम अशोक गहलोत के साथ राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, गृह राज्य मंत्री राजेंद्र यादव, खेल और युवा मामलात मंत्री अशोक चांदना, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष और विधायक जोगिंदर सिंह अवाना, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, बारां जिला प्रमुख और मंत्री प्रमोद जैन भाया की पत्नी उर्मिला जैन, विधायक निर्मला सहरिया, विधायक पानाचंद मेघवाल, विधायक रूपाराम मेघवाल सहित कई धर्मों के धर्मगुरु, वर-वधु के परिवारजन और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।