Jaipur: मंत्री खाचरियावास ने BJP पर साधा निशाना, कहा- वसुंधरा राज में हमले हुए, जनता से माफी मांगनी चाहिए
खाचरियावास ने कहा कि 15 साल बाद खुद के शासन में हुए बम ब्लास्ट के पीड़ितों के लिए कोई मदद नहीं करने वाली भाजपा आज 15 साल बाद मगरमच्छ के आंसू बहा रही है, सिर्फ इसलिए क्योंकि चुनाव नजदीक आ गए हैं। जयपुर में हुए बम ब्लास्ट के लिए उस समय की भाजपा सरकार दोषी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शुक्रवार को मंत्री खाचरियावास ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जयपुर बम ब्लास्ट के दोषियों की रिहाई के लिए तत्कालीन भाजपा सरकार जिम्मेदार थी। इसके लिए पूर्व सीएम वसुंधरा राजे को माफी मांगनी चाहिए। खाचरियावास ने सचिन पायलट में पक्ष में दिखे। उन्होंने कहा कि जन संघर्ष यात्रा निकालकर पायलट गुनाह नहीं कर रहे।
अपराधियों में भय न होने के कारण जयपुर में बम विस्फोट हुए
प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जयपुर में 13 मई 2008 को 8 जगह हुए ब्लास्ट बीजेपी की सरकार के वक्त हुए थे। तब मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे थी। तत्कालीन भाजपा सरकार की कमजोर कानून व्यवस्था और अपराधियों में भय नहीं होने के कारण जयपुर में बम विस्फोट हुए, जिसमें भारी जनहानि हुई। मंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार के वक्त पुलिस ने जो चार्जशीट पेश की। उसमें कमजोरी थी। इसी कारण निचली कोर्ट से दोषी ठहराए जाने के बावजूद हाई कोर्ट ने आरोपियों को दोषमुक्त कर रिहा कर दिया। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और बीजेपी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
चार्जशीट में कमियां छोड़ी
मंत्री खाचरियावास ने कहा कि जयपुर बम ब्लास्ट में कई परिवारों ने अपने परिजनों को खो दिया। उस वक्त विपक्ष में रहते हुए हमने भाजपा सरकार से मांग की थी कि सारे मामले की जांच नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी एनआईए को दे दी जाए। लेकिन तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और भाजपा सरकार ने कहा कि हम ऐसा चालान प्रस्तुत करेंगे कि सभी बम ब्लास्ट के अपराधियों को फांसी तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा सरकार ने बम ब्लास्ट के दोषियों को सख्त सजा देने के लिए शुरुआती चार्जशीट में कमियां छोड़ दीं। उसका लाभ बम ब्लास्ट को अंजाम देने वाले अपराधियों को मिल गया।
15 साल बाद मगरमच्छ के आंसू बहा रही भाजपा- खाचरियावास
खाचरियावास ने कहा कि 15 साल बाद खुद के शासन में हुए बम ब्लास्ट के पीड़ितों के लिए कोई मदद नहीं करने वाली भाजपा आज 15 साल बाद मगरमच्छ के आंसू बहा रही है, सिर्फ इसलिए क्योंकि चुनाव नजदीक आ गए हैं। जयपुर में हुए बम ब्लास्ट के लिए उस समय की भाजपा सरकार दोषी है। कमजोर चार्जशीट पेश करने और बम ब्लास्ट के आरोपियों की रिहाई के लिए भाजपा सरकार दोषी है। क्योंकि उन्होंने मजबूत चार्जशीट प्रस्तुत नहीं की। सरकार को उस वक्त बम ब्लास्ट पीड़ितों को बड़ा राहत पैकेज देना चाहिए था, वह भी नहीं दिया।
सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे
मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि सचिन पायलट या कोई भी पेपरलीक को लेकर सुझाव देगा, तो मैं खुद उसे कैबिनेट में रखूंगा। क्योंकि पेपर लीक को लेकर सचिन पायलट अगर अच्छे सुझाव देते हैं, तो उससे अच्छी बात क्या हो सकती है। हम हर सुझाव लागू करेंगे और सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे। खाचरियावास ने कहा कि सचिन पायलट की यात्रा बीजेपी के करप्शन के खिलाफ है। करप्शन के खिलाफ उठाई गई आवाज को रोकने का षड्यंत्र हो रहा है।
यात्रा निकालकर पायलट नहीं कर रहे कोई गुनाह
मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि सचिन पायलट जन संघर्ष यात्रा निकालकर कोई गुनाह नहीं कर रहे हैं। राहुल गांधी की यात्रा भ्रष्टाचार के खिलाफ थी और सचिन पायलट भी भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी यात्रा निकाल रहे हैं। इसमें कोई गुनाह नहीं है। कांग्रेस पार्टी के अनुशासन की पार्टी है। इसलिए इस समय किसी भी नेता को अनुशासन नहीं तोड़ना चाहिए और गलत बयानबाजी करने से बचना चाहिए, चाहे कोई भी नेता हो।