Kota: हत्या के सात आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा, कैरी तोड़ने के विवाद में की थी हत्या
कोटा ग्रामीण एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि 4 मई को पेड़ से कैरी तोड़ने के आरोप में विनोद कला गांव के निवासी सूरज करण मीणा के साथ सात आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें बाइक पर बैठा लिया और रोलाना गांव ले गए, जहां उन्होंने उसे लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
विस्तार
कोटा पुलिस ने मामूली सी बात में की गई हत्या के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पेड़ से कैरी तोड़ने के विवाद में एक युवक की हत्या कर दी थी। सभी आरोपी घटना के बाद से ही फरार थे।
यह है पूरा मामला
कोटा ग्रामीण एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि 4 मई को पेड़ से कैरी तोड़ने के आरोप में विनोद कला गांव के निवासी सूरज करण मीणा के साथ सात आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें बाइक पर बैठा लिया और रोलाना गांव ले गए, जहां उन्होंने उसे लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। गंभीर हालत में घायल सूरज करण को कोटा एसबीएस अस्पताल लेकर गए। यहां शुक्रवार 5 मई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत से पहले लिए गए बयान में मृतक ने पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया था।
इन्हें किया गया गिरफ्तार
एसपी सागर का कहना है कि मामले में रोलाना गांव निवासी सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार में नंदलाल मेघवाल (58), रामबिलास मेघवाल (32), कालू लाल (46), महावीर मेघवाल (28), हनुमान मेघवाल (24) नंदलाल के बेटे मोहन लाल (25), महेंद्र (30) और सोहनलाल (25) शामिल हैं।