{"_id":"6aa7625693710bff7c016a4e","slug":"kota-municipal-corporation-election-result-2026-100-wards-67-66-percent-voting-kedl-road-water-issues-2026-09-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"कोटा नगर निगम में बीजेपी की बड़ी जीत: 55 वार्डों पर कब्जा; कांग्रेस को 39","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कोटा नगर निगम में बीजेपी की बड़ी जीत: 55 वार्डों पर कब्जा; कांग्रेस को 39
Mon, 14 Sep 2026 07:00 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटा
Published by: आशुतोष प्रताप सिंह
Updated Mon, 14 Sep 2026 07:00 PM IST
सार
कोटा नगर निगम के 100 वार्डों के चुनाव परिणाम में भाजपा ने 55 सीटें जीतीं हैं, जबकि कांग्रेस को 39 और निर्दलीयों को चार सीटें मिली हैं। वार्ड 20 और 87 में ईवीएम में खराबी के कारण परिणाम अटक गए हैं।
विज्ञापन
कोटा नगर निगम चुनाव
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कोटा नगर निगम चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। शहर के 100 वार्डों में आज हुई मतगणना के नतीजे आ गए हैं। इसमें भाजपा ने 55, कांग्रेस ने 39 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने चार सीटों पर जीत हासिल की है। इसके अलावा दो वार्डों में चुनाव परिणाम रूके हुए हैं।
विज्ञापन
कांग्रेस के अर्पित जैन ने पूर्व डिप्टी मेयर को हराया
आज सुबह 8 बजे के बाद से कोटा शहर के 100 वार्डों में मतगणना प्रक्रिया शुरू हुई। सबसे पहले वार्ड नंबर 86 से कांग्रेस के अर्पित जैन ने जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व डिप्टी मेयर योगेंद्र खींची को 250 वोटों से हरा दिया। वहीं, वार्ड नंबर 13 के कांग्रेस प्रत्याशी फैज़ल बेग ने सबसे बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के दिनेश सरसिया को साढ़े चार हजार वोटों से हरा दिया। इसी तरह वार्ड नंबर 82 से कांग्रेस प्रत्याशी रेहाना अंसारी ने भाजपा की अमरीन को करीब 800 वोटों से हरा दिया।
विज्ञापन
गोपाल राम मंडा की लगातार पांचवीं जीत
दूसरी तरफ भाजपा की बात की जाए तो अपना वार्ड छोड़कर वार्ड नंबर 91 से चुनाव मैदान में उतरे भाजपा नेता गोपाल राम मंडा ने कांग्रेस के संजय यादव को 899 वोटों से हरा दिया। गोपाल राम मंडा की यह लगातार पांचवीं जीत है। गोपाल राम मंडा ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी दिल्ली जाकर टिकट लेकर आए थे, लेकिन वार्ड की जनता ने उन्हें दरकिनार कर दिया।
विज्ञापन
विवेक राजवंशी ने 2226 वोटों से दर्ज की जीत
वहीं, भाजपा के ही एक और नेता विवेक राजवंशी ने भी वार्ड नंबर 54 से बड़ी जीत हासिल की है। राजवंशी ने कांग्रेस के मनीष को 2226 वोटों से हरा दिया। दूसरी तरफ वार्ड नंबर 88 से भाजपा की मंजू देवी ने जीत हासिल की है। यहां पहले कांग्रेस की महिला जिला अध्यक्ष शालिनी गौतम को टिकट दिया गया था, लेकिन उनका टिकट काटकर प्राजंलि गौतम को दिया गया था। ऐसे में प्राजंलि गौतम भी इस चुनाव में हार गई हैं।
कितने लोगों ने किया मतदान
इस बार नगर निगम के 100 वार्डों के लिए हुए चुनाव में कुल 8 लाख 26 हजार 923 मतदाता थे। इनमें से 5 लाख 59 हजार 485 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह के मुकाबले दिन में मतदान केंद्रों पर भीड़ कम रही, लेकिन शाम होते-होते मतदान केंद्रों पर अचानक भीड़ बढ़ गई। शाम 6 बजे सभी मतदान केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। इसके बाद केंद्र के अंदर मौजूद मतदाताओं को मतदान कराया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, कोटा उत्तर विधायक शांति धारीवाल, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी और कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान किया।
ये भी पढ़ें- राजस्थान निकाय चुनाव परिणाम: जयपुर से जोधपुर तक दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर, अजमेर की क्या रहेगी स्थिति?
किस वार्ड में सबसे ज्यादा और कम मतदाता
कोटा शहर के वार्डों की बात करें तो वार्ड नंबर 34 में सबसे ज्यादा 23 हजार 779 मतदाता हैं, जबकि वार्ड नंबर 1 में सबसे कम 3 हजार 858 मतदाता हैं। चुनाव में वार्ड स्तर के मुद्दों की बात करें तो सड़कों की बदहाली सबसे बड़ा मुद्दा बनकर सामने आई। कई वार्डों में गहरे गड्ढे और खुदी हुई सड़कों से लोग परेशान हैं। इसके अलावा चंबल नदी किनारे बसे कोटा शहर के कई वार्डों में आज भी पेयजल की समस्या बनी हुई है। बिजली से जुड़ी समस्याएं भी चुनाव में मुद्दा रहीं। निजी विद्युत कंपनी केईडीएल की कार्यप्रणाली को लेकर शहरवासियों में नाराजगी दिखाई दी। कई प्रत्याशियों ने चुनाव जीतने के बाद निजी विद्युत कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और कोटा से कंपनी को हटाने तक का वादा किया है। अब आज आने वाले परिणाम से तय होगा कि जनता ने इन मुद्दों पर किसके पक्ष में अपना फैसला सुनाया है।