फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jodhpur News ›   gajendra singh shekhawat attack rahul gandhi manusmriti statement fake notes bjp civic election

जोधपुर: गजेन्द्र शेखावत का राहुल गांधी पर तीखा हमला! बोले- इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करना निंदनीय

Wed, 26 Aug 2026 07:45 PM IST
जोधपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जोधपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जोधपुर Published by: जोधपुर ब्यूरो Updated Wed, 26 Aug 2026 07:45 PM IST
सार

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राहुल गांधी के मनुस्मृति को लेकर दिए बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विषयों पर बिना मूल संदर्भ और तत्कालीन परिस्थितियों को समझे टिप्पणी करना उचित नहीं है।

विज्ञापन
gajendra singh shekhawat attack rahul gandhi manusmriti statement fake notes bjp civic election
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मनुस्मृति को लेकर दिए बयान पर तीखा हमला बोला। बुधवार को मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि राहुल गांधी को भारत की हजारों साल पुरानी संस्कृति, सभ्यता, वेदों, पुराणों और उपनिषदों की कितनी जानकारी है, यह उनके बयानों से साफ हो जाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी ऐतिहासिक या सांस्कृतिक विषय पर उसके मूल संदर्भ और उस समय की परिस्थितियों को समझे बिना टिप्पणी करना ठीक नहीं है। राजनीतिक फायदे के लिए ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करना निंदनीय है।

विज्ञापन

बोले- 200 साल से भारत की संस्कृति को कमजोर करने के प्रयास

शेखावत ने कहा कि भारत की सभ्यतागत चेतना और सांस्कृतिक मान-बिंदुओं को कमजोर करने के लिए पिछले करीब 200 वर्षों में कई प्रयास किए गए हैं। अंग्रेजों ने सुनियोजित तरीके से भारत के इतिहास और संस्कृति को प्रभावित करने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद भी देश की सभ्यतागत चेतना और गौरवशाली इतिहास को सही तरीके से स्थापित करने के बजाय उसे और अधिक दूषित करने का काम हुआ। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज भी उसी मानसिकता के साथ देश को बांटने वाले बयान दिए जा रहे हैं।

विज्ञापन

गार्गी और मैत्रेयी का उदाहरण देकर राहुल पर साधा निशाना

शेखावत ने कहा कि भारत वह सभ्यता है, जिसने मातृशक्ति को विशेष सम्मान दिया है। यहां ज्ञान के लिए मां सरस्वती, शक्ति के लिए मां दुर्गा और धन-समृद्धि के लिए मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। उन्होंने कहा कि जिस समाज में गार्गी, मैत्रेयी और कात्यायनी जैसी महान विदुषी महिलाएं हुई हों, उस समाज और उसकी व्यवस्था पर बिना ऐतिहासिक संदर्भ समझे टिप्पणी करना अशोभनीय है। उनके अनुसार, इस तरह के बयान संबंधित व्यक्ति के ज्ञान के उथलेपन को भी उजागर करते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

नकली नोटों की खेप की हो गहन जांच

जयपुर में नकली नोटों की बरामदगी और कांग्रेस नेता के पुत्र का नाम सामने आने के सवाल पर शेखावत ने कहा कि पुलिस को इस पूरे मामले की शुरुआत से लेकर अंत तक गहन जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश और विदेश में सक्रिय भारत विरोधी ताकतें देश की आर्थिक प्रगति से परेशान हैं और ऐसी गतिविधियों के जरिए भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकती हैं।


शेखावत ने कहा कि पुलिस को यह पता लगाना चाहिए कि नकली नोटों का मुख्य स्रोत क्या है, इन्हें कहां तैयार किया गया और इनका सप्लायर कौन है। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होने से भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल में किसी राजनीतिक कार्यकर्ता या राजनीतिक परिवार से जुड़े व्यक्ति के पास से बड़ी मात्रा में नकली नोट बरामद होना गंभीर चिंता का विषय है। सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को अधिक जिम्मेदारी और शुचिता के साथ आचरण करना चाहिए। शेखावत ने कहा कि राजस्थान कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को भी इस मामले में अपना पक्ष जनता के सामने रखना चाहिए।

निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का दावा

आगामी निकाय चुनाव को लेकर शेखावत ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी जोधपुर सहित राजस्थान के लगभग सभी निकायों में प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में जिस तरह विकास कार्य किए हैं, उससे जनता का भरोसा भाजपा के प्रति और मजबूत हुआ है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा निकाय चुनाव में नया कीर्तिमान बनाएगी।

टिकट के दावेदारों की संख्या को बताया सकारात्मक संकेत

निकाय चुनाव में टिकट के दावेदारों की बढ़ती संख्या पर शेखावत ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में ज्यादा संख्या में दावेदार सामने आना लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति लोगों की आस्था को दिखाता है। उन्होंने पार्टी में बढ़ रही क्षमतावान कार्यकर्ताओं की संख्या को भी सकारात्मक संकेत बताया। युवाओं को टिकट देने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में हमेशा युवाओं को अधिक अवसर मिलता रहा है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की उम्र का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी में युवाओं को अवसर देने के सवाल पर अब किसी तरह का संदेह नहीं होना चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed