बेटा पैदा नहीं किया तो बीच सड़क पत्नी को बोला तलाक... तलाक... तलाक...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीन तलाक की वैधता और उपयोगिता को लेकर बेशक देशभर में बहस छिड़ी हो लेकिन इसके साइड इफेक्ट लगातार सामने आ रहे हैं। जोधपुर में एक पति ने बेटा पैदा न करने को लेकर अपनी पत्नी को बीच सड़क पर ही तलाक दे दिया।
मासूम बच्ची का हाथ हाथों में थामे महिला गिड़गिड़ाती रही लेकिन पति और उसकी मां पर उसके आंसुओं का कोई असर नहीं हुआ। दोनों में से कोई भी उसे दोबारा घर में रखने के लिए तैयार नहीं था, बेहाल महिला ने इस तलाक को मानने से ही इंकार करते हुए पति के घर के बाहर डेरा डाल दिया है।
राजस्थान के जोधपुर में यह सारा घटनाक्रम मंगलवार शाम को हुआ। शहर के शास्त्रीनगर में रहने वाले इरफान की शादी दस साल पहले फराह से हुई थी। बताया जाता है कि शुरूआत पांच छह सालों तक दंपति को कोई बच्चा नहीं हुआ। चार साल पहले एक बेटी हुई।
फराह का आरोप है कि शादी के बाद से ही लगातार उससे मारपीट की जाती रही। बेटी होने के बाद अत्याचारों का यह सिलसिला बढ़ गया। घरवाले चाहते थे कि बेटा पैदा हो लेकिन बेटी पैदा होने से उनके सारे अरमान मर गए।
पत्नी का आरोप बेटी होने के बाद से मारपीट करते हैं घ्ारवाले
फराह के अनुसार कुछ दिन पहले घरवालों ने रिश्तेदारी में होने वाली एक शादी में उसे जबरन भेज दिया। वह जाना नहीं चाहती थी लेकिन उनके कहने पर चली गई। मंगलवार को वापस लौटी तो घरवालों ने उसके लिए दरवाजा खोलने से ही इंकार कर दिया। थोड़ी बहुत देर चले हंगामे के बाद घर के बाहर भीड़ जमा हो गई।
आस पडोस के लोगों के आने के बाद घरवालों ने दरवाजा जरूर खोला लेकिन फराह को घर में लेने से इंकार कर दिया। इसी बीच मीडिया भी वहां पहुंच गई। मीडिया के कैमरों के बीच ही पति इरफान ने सबके सामने पत्नी फराह को तलाक... तलाक.... तलाक.... कहकर तीन बार तलाक दे दिया।
लोगों ने उसे खूब समझाने की कोशिश की लेकिन उसने पत्नी को घर में रखने से इंकार कर दिया। हालांकि उसका आरोप था कि पत्नी उसके घरवालों को तंग करती है और उससे भी मारपीट करती है। उसके बच्चे नहीं हो रहे थे इसलिए उसके इलाज में भी पांच छह लाख रुपये खर्च किए।
वहीं हंगामे के बीच महिला ने घर के बाहर ही डेरा डाल दिया था। उसका कहना था कि वह इस तलाक को नहीं मानती यही उसका घर है और वो यहीं रहेगी।