{"_id":"6462240879d1a398ef0fe548","slug":"rajendra-gudha-says-government-dhariwal-alignment-bad-this-is-coalition-government-of-vasundhara-gehlot-2023-05-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Politics: मंत्री गुढ़ा बोले- हमारी सरकार और धारीवाल का अलाइनमेंट खराब, ये वसुंधरा-गहलोत की मिली-जुली सरकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Politics: मंत्री गुढ़ा बोले- हमारी सरकार और धारीवाल का अलाइनमेंट खराब, ये वसुंधरा-गहलोत की मिली-जुली सरकार
Mon, 15 May 2023 05:52 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Mon, 15 May 2023 05:52 PM IST
सार
सचिन पायलट की जन संघर्ष यात्रा के समापन पर आयोजित विशाल जनसभा में सैनिक कल्याण राज्यमंत्री मंत्री राजेंद्र गुढ़ा अपनी ही कांग्रेस सरकार, सीएम अशोक गहलोत, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, मंत्री शांति धारीवाल और प्रमोद जैन भाया पर जमकर बरसे। गुढ़ा ने कहा, हमारी सरकार और धारीवाल का अलाइनमेंट खराब हो गया है। ये वसुंधरा और गहलोत की मिलीजुली सरकार है।
विज्ञापन
सैनिक कल्याण मंत्री राजेंद्र गुढ़ा
- फोटो : सोशल मीडिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गहलोत सरकार में सैनिक कल्याण मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने अपनी ही सरकार को भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़ने वाली सरकार बताया। गुढ़ा ने जनसंघर्ष यात्रा के समापन पर सचिन पायलट के साथ जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ये वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत की मिली जुली सरकार है। हमारी सरकार का अलाइनमेंट खराब हो गया है। मंत्री धारीवाल का भी अलाइनमेंट खराब हो गया है। उन्होंने कहा, सचिन पायलट जी आप इस सरकार का अलाइनमेंट ठीक करो।
विज्ञापन
मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने सचिन पायलट और जनता को मंच से संबोधित करते हुए कहा, 130 किलोमीटर की लम्बी यात्रा तपती धूप में करके आए हिन्दुस्तान के युवा हृदय सम्राट, 36 कौम की आवाज, हमारे लाड़ले सचिन पायलट साहब, इसके बाद उन्होंने अपने भाषण में सीएम गहलोत, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, प्रदेश सरकार, मंत्री धारीवाल, प्रमोद जैन भाया को भ्रष्टाचार और बयानबाजी के मुद्दे पर जमकर घेरा। गुढ़ा ने कहा, हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। हमारी राजस्थान सरकार का अलाइनमेंट खराब हो गया है। मंत्री शांति धारीवाल बोलते हैं कि हमारे मुख्यमंत्री ने अच्छे-अच्छों को पानी पिला दिया। धारीवाल जी राजस्थान की प्यासी जनता को पानी पिलाओ, हमारी राजस्थान की जनता मई-जून में प्यासी है इसको पानी पिलाओ।
विज्ञापन
'धारीवाल जी आपके ऑफिस से कोई फाइल बिना भ्रष्टाचार बाहर नहीं निकलती'
मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने अपनी सरकार के मंत्री शांति धारीवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मंच से कहा, धारीवाल जी आपके ऑफिस में से कोई फाइल बिना भ्रष्टाचार के नहीं निकलती। जब शिक्षा मंत्री डोटासरा जी थे और शिक्षकों का सम्मेलन था, तो हमारे मुख्यमंत्री जी ने पूछा कि ट्रांसफर बिना पैसा होते हैं क्या? शिक्षकों ने कहा नहीं होते, मास्टरों के ट्रांसफर पैसे बिना नहीं होते। कांग्रेस विधायक भरत सिंह जी कुंदनपुर पिछले 3 साल से विधानसभा में नहीं आ रहे। वो चिट्ठी पर चिट्ठी लिख रहे हैं। राजस्थान की विधानसभा में ईमानदारी का बीज खत्म हो रहा है।
विज्ञापन
'भाया रे भाया, खूब खाया'
भरत सिंह जी चिल्ला रहे हैं (यूडीएच मंत्री) धारीवाल ने भ्रष्टाचार किया। प्रमोद जैन भाया (खनन मंत्री) खा गया। भाया रे भाया, खूब खाया। एक तो पूरा गांव खा गया। लेकिन सुनने वाले नहीं है। राजेंद्र गुढ़ा बोले, मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि मैं (विधायकों के लिए गए) 10-10, 20-20 करोड़ रुपए लौटाऊंगा।
'मुख्यमंत्रीजी और वसुंधराजी को साथ-साथ ही कोरोना होता है'
मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा, मुख्यमंत्री जी आपके और वसुंधरा जी के साथ-साथ ही कोरोना होता है, कोरोना। मुख्यमंत्री को कोरोना होता है, उसी टाइम पर वसुंधरा जी को भी कोरोना होता है। ये मिली जुली सरकार है। गुढ़ा ने 2020 में पायलट खेमे की बगावत के समय आए सियासी संकट के दौरान सीएम अशोक गहलोत पर बीजेपी के वसुंधरा राजे खेमे के विधायकों को साधने पर भी निशाना लगाया। जब केंद्रीय भाजपा की ओर से राजस्थान में बीजेपी विधायकों को बाड़ेबंदी में ले जाने के लिए हेलीकॉप्टर आए थे, लेकिन वसुंधरा खेमे के विधायक जाने को तैयार नहीं हुए, ऐसी चर्चाएं रहीं। इस पर तंज कसते हुए मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने सभा में कहा, मुख्यमंत्री जी आपने बीजेपी के हेलीकॉप्टर खाली लौटाएं हैं, वो कौनसी जादूगरी थी। उनका मेरे पास हिसाब और सबूत है।
'भाजपा विधायकों को खरीदने और करोड़ों रुपए का सबूत मेरे पास'
मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा, हमारे पास सबूत है। भाजपा के विधायकों को खरीदने का, पैसे का और करोड़ों रुपए का सबूत राजेंद्र गुढ़ा के पास है। राजस्थान के ईमानदार मुख्यमंत्री ने किस-किस भाजपा के विधायक को क्या-क्या पैसा दिया, मुझे पता है। मेरे पास सबूत है, उनको भी पैसा लौटाओ। आप मंत्री हेमाराम चौधरी जी जैसे पाक दामन आदमी पर दाग लगाते हो। मैं कहता हूं भरत सिंह जी कहां हैं, हेमाराम जी कहां है। इस आदमी (हेमाराम चौधरी) पर आरोप लगाए, जिसने 100-100 करोड़ की जमीन दान दे दी, 25-25 करोड़ रुपए लगाकर (होस्टल बनवाकर) दे दी। मैं कहता हूं पायलट साहब राजस्थान में कहीं भी चले जाओ, लाखों की संख्या में नौजवान आपके साथ खड़ा है।
21 पर आ गए थे, पायलट ने 100 सीटों पर पहुंचाकर सीएम बनाया...
मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा, हमारे गहलोत साहब बोलते हैं मार दिया जाए या छोड़ दिया जाए। बोल तेरे साथ क्या सलूक किया जाए। गहलोत साहब 21 पर आ गए थे। पायलट ने आपको 100 पर पहुंचाकर मुख्यमंत्री बनाया। राजस्थान के 200 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर 1-1 नौजवान का विश्वास लिया और ईमान लेकर आपको मुख्यमंत्री बनाया। उसके बाद में गहलोत साहब ने तो विपक्ष पायलट को ही मान रखा है। विपक्ष नहीं है। गहलोत का विपक्ष सिर्फ पायलट ही है, मैं आपसे कहता हूं। पायलट जी लाखों नहीं करोड़ों नौजवान आपके साथ हैं। हमारी सरकार का अलाइनमेंट खराब हो गया है। हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जनता की मात्र एक आशा की किरण आप (पायलट) हो। जो इस राजस्थान के नौजवान के लिए लड़ाई लड़ रहे हो, बचाओ इसको। इन नौजवानों के सपनों को बचाओ। 36 कौम का नौजवान आपकी तरफ देख रहा है। आप हमारे नेता हो, जो भी फैसला करेंगे वो मंजूर है। लेकिन मैं कहता हूं 2023 का फैसला ये जनता करेगी, ये नौजवान करेगा। आपके 24 घंटे के अल्टीमेटम पर लाखों लोग आ जाते हैं। यहां जगह कम पड़ गई। जनता पायलट साहब को सुनना चाहती है।
'कर्नाटक सरकार के 40 परसमेंट भ्रष्टाचार से आगे निकली हमारी सरकार'
राजेंद्र गुढ़ा ने आगे कहा, मैं तो एक ही बात कह देता हूं। हमारी सरकार कर्नाटक की सरकार का जो 40 परसेंट भ्रष्टाचार का मामला था, उससे बाहर जा रही है। हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। हमारा अलाइनमेंट खराब है, पायलट साहब अलाइनमेंट को ठीक करो।
'सीएम के आरोपों से आहत हूं'
मंत्री हेमाराम चौधरी ने भी सीएम अशोक गहलोत को सियासी आरोपों का जवाब दिया। चौधरी ने कहा, मुख्यमंत्री ने जिस तरह के आरोप लगाए हैं, मैं उससे आहत हूं। अगर मुख्यमंत्री हमें पैसे लेने का आरोपी मानते हैं, तो मंत्रिमंडल से बाहर कर दें। मुझे मंत्री क्यों बना रखा है? मैं इस यात्रा में नहीं आता, तो कहां जाता। हमें बुलाया नहीं था, लेकिन जनता का मूड देखकर हम आए हैं, हम जनता से दूर कैसे रह सकते हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस के कई नेताओं ने इस रैली में बाधा पहुंचाई। हमारे पर 10, 20 ,50 और 100 करोड़ लेने के आरोप लगाए हैं, तो फिर हम जैसे लोगों को मंत्री बनाकर क्यों बैठे हो? आप अपनी ही सरकार को आरोपों में ले रहे हो। जो सीएम के पास जो चला जाए वो साहूकार और जो नहीं जाए वो बेईमान हो जाता है। भाषण के दौरान मंत्री हेमाराम चौधरी ने एक कहानी सुनाते हुए कहा कि एक बार गुंडों की गैंग का बादशाह, देश का बादशाह बन गया। फिर बादशाह बनते ही उसने सबसे पहले सारे गुंडों को जेल भिजवाया। ऐसे ही आप भी राजस्थान के बादशाह हैं, अपने भ्रष्ट साथियों को जेल भिजवाएं।
'चाकसू में तो बीजेपी बोल रही है, तो कांग्रेस कहां बोल रही है'
जयपुर के चाकसू से कांग्रेस विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने प्रभारी सुखजिंदर रंधावा पर निशाना लगाया और कहा, मुझे रंधावा ने बुलाया और सर्वे दिखाकर कहा कि चाकसू में तो भाजपा बोल रही है। मैंने उनसे कहा कि मेरे यहां बीजेपी बोल रही है, लेकिन जरा ये तो बताओ कि कांग्रेस कहां बोल रही है? नागौर की लाडनूं सीट से विधायक मुकेश भाकर बोले, गहलोत चाहते हैं कि सचिन पायलट पार्टी छोड़कर चले जाएं। लेकिन हम कहीं नहीं जाएंगे। यहीं रहकर इनकी छाती पर मूंग दलेंगे। क्योंकि हमने और हमारे परिवारों ने सालों तक इस कांग्रेस पार्टी को सींचा है।
पूर्व विधानसभा स्पीकर और मौजूदा विधायक दीपेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, राजे सरकार पर 5 हजार करोड़ के करप्शन के आरोप लगाए थे। हमारी सरकार के मंत्रियों पर भी करप्शन के आरोप हैं, सबकी जांच होनी चाहिए। जब पायलट बीजेपी के करप्शन के खिलाफ और नौजवान की आवाज उठाते हैं, तो कई लोग कहते हैं कि सचिन पायलट बीजेपी से मिले हुए हैं। उन्होंने शेर बोला, 'हम आह भी भरते हैं तो हो जाते हैं बदनाम, वे क़त्ल भी कर दें तो चर्चा तक नहीं होती'। भगवान रामचंद्र ने जब लड़ाई लड़ी तो कोई राजा साथ नहीं था, बंदर की फौज उनके साथ थी और वो बंदरों की सेना आज आप नौजवान हो।