Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   Rajasthan Zila Pramukh Elections Test BJP and Congress Strength

जिला प्रमुख चुनाव: राजस्थान में नामांकन शुरू, बाड़मेर में तीन दल आमने-सामने; नागौर में आरएलपी की नजर

Wed, 25 Nov 2026 06:33 AM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: सौरभ भट्ट Updated Wed, 25 Nov 2026 06:33 AM IST
सार

राजस्थान में आज 37 जिला परिषदों में जिला प्रमुख पद के लिए मतदान होगा। चुनावी नतीजों में कांग्रेस 22 से 23 जिलों में बढ़त के साथ मजबूत स्थिति में है, जबकि भाजपा को पांच जिलों में स्पष्ट बहुमत मिला है। नागौर में आरएलपी मजबूत है। 

विज्ञापन
Rajasthan Zila Pramukh Elections Test BJP and Congress Strength
राजस्थान पंचायत चुनाव - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

जस्थान में पंचायत राज चुनाव का सबसे अहम सियासी मुकाबला आज जिला प्रमुखों के चुनाव के साथ होगा। प्रदेश की 37 जिला परिषदों में जिला प्रमुख चुने जाएंगे। चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है, लेकिन जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने के लिए कई जिलों में राजनीतिक दलों को सदस्यों को एकजुट रखने और सियासी समीकरण साधने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जिन जिलों में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, वहां निर्दलीय और छोटे दलों के सदस्य निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

विज्ञापन

चुनावी आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस 22 से 23 जिला परिषदों में बहुमत की स्थिति में है, जबकि भाजपा को पांच जिलों में स्पष्ट बहुमत मिला है। नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 19 सीटें जीतकर अपनी स्थिति मजबूत की है। दूसरी ओर, आठ जिलों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने से जिला प्रमुख का चुनाव दिलचस्प हो गया है।

विज्ञापन

कांग्रेस की बढ़त, भाजपा के सामने चुनौती

जिला परिषद चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने कई जिलों में मजबूत प्रदर्शन किया है। जयपुर, जोधपुर, अलवर, सीकर, बीकानेर, भरतपुर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, चूरू, दौसा, चित्तौड़गढ़ और झुंझुनूं समेत कई जिलों में पार्टी की स्थिति मजबूत है। पार्टी 23 जिलों में स्पष्ट बहुमत होने का दावा कर रही है, जबकि चार अन्य जिलों में वह सबसे बड़ा दल बनकर उभरी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

वहीं भाजपा अजमेर, ब्यावर, झालावाड़, पाली और उदयपुर में अपने दम पर जिला प्रमुख बनाने की स्थिति में है। नागौर में RLP को स्पष्ट बहुमत मिला है। ऐसे में आज होने वाला चुनाव केवल सीटों की संख्या नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों के प्रबंधन और अपने सदस्यों को एकजुट रखने की क्षमता की भी परीक्षा होगा।

आठ जिलों में निर्दलीय तय कर सकते हैं जिला प्रमुख

बालोतरा, बांसवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, डीग, डूंगरपुर, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़ और सलूंबर में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। इन जिलों में निर्दलीय और छोटे क्षेत्रीय दलों के सदस्य जिला प्रमुख के चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
इसी वजह से भाजपा और कांग्रेस दोनों अपने-अपने सदस्यों को एकजुट रखने में जुटे हैं। कई जिलों में सदस्यों की बाड़ेबंदी भी की गई है। पंचायत राज चुनाव में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होने के कारण क्रॉस वोटिंग की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में अंतिम नतीजे राजनीतिक दलों की रणनीति पर निर्भर करेंगे।

बाड़मेर, नागौर और भीलवाड़ा में नामांकन से मुकाबले की तस्वीर साफ

बाड़मेर में जिला प्रमुख पद के लिए राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) से हनुमान बेनीवाल, कांग्रेस से गफूर अहमद और भाजपा से खंगार सिंह सोढ़ा ने नामांकन दाखिल किया है। तीनों दलों के प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से यहां मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
नागौर में 37 सदस्यीय जिला परिषद में RLP के 19, कांग्रेस के 11 और भाजपा के सात सदस्य हैं। जिला प्रमुख पद के लिए RLP की ओर से वार्ड नंबर 12 के पांचाराम और भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 37 के अनिल नागौरी ने नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस ने 11 सीटें जीतने के बावजूद जिला प्रमुख पद के लिए अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। अब सबकी नजर RLP के बोर्ड गठन और उप जिला प्रमुख चुनाव के समीकरणों पर है।
भीलवाड़ा में कांग्रेस ने कैलाशचंद्र मीणा को प्रत्याशी बनाया है, जबकि भाजपा की ओर से सुखलाल ने नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद प्रत्याशी के नाम पर आखिरी समय तक सहमति नहीं बन पाई। नामांकन के दिन अलसुबह कैलाश मीणा के नाम पर सहमति बनी। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष पर्चा दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी सुखलाल ने भी पार्टी नेताओं की मौजूदगी में नामांकन किया। अब दोनों के बीच मुकाबला होगा।

सवाई माधोपुर में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत, आशा देवी ने किया नामांकन

सवाई माधोपुर जिला परिषद की 31 सीटों में से कांग्रेस ने 26 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा को चार और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है। जिला प्रमुख चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 15 से जीतीं आशा देवी बैरवा ने नामांकन दाखिल किया है। वह पूर्व विधायक अशोक बैरवा की पत्नी हैं। कांग्रेस की मंशा जिला प्रमुख को निर्विरोध निर्वाचित कराने की बताई जा रही है। शुरुआती प्रक्रिया के दौरान चार जिला परिषद सदस्य जिला परिषद पहुंचे।

सुबह 10 बजे से शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया

जिला प्रमुख के चुनाव के लिए सभी संबंधित जिला परिषद मुख्यालयों पर सुबह 10 बजे निर्वाचित सदस्यों की बैठक निर्धारित है। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर एक बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतदान पूरा होने के बाद मतगणना कर नतीजे घोषित किए जाएंगे।

26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, फिर प्रधान और उप प्रधान का चुनाव

जिला प्रमुखों के निर्वाचन के बाद 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख चुने जाएंगे। इसके बाद 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान पद के लिए मतदान होगा। इस तरह अगले चार दिन राजस्थान की ग्रामीण सत्ता के समीकरण तय करेंगे।


हालांकि कोटा, बारां, श्रीगंगानगर और करौली में चुनावी प्रक्रिया बाद में पूरी होगी। इन चार जिलों में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 17 दिसंबर को होगी। इसके बाद यहां जिला प्रमुख पद के चुनाव 22 दिसंबर को कराए जाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed