{"_id":"6aad436c58c76a43170cc33c","slug":"major-breakthrough-in-jaipur-ca-kidnapping-case-police-chase-suspects-500-km-to-arrest-three-2026-09-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"जयपुर: सीए किडनैपिंग केस में बड़ा एक्शन, 500 किमी तक पीछा कर पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोचा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जयपुर: सीए किडनैपिंग केस में बड़ा एक्शन, 500 किमी तक पीछा कर पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोचा
Fri, 18 Sep 2026 07:28 PM IST
हिमांशु सिंह बघेल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: हिमांशु सिंह बघेल
Updated Fri, 18 Sep 2026 07:28 PM IST
सार
जयपुर के सेंट्रल पार्क से चार्टर्ड अकाउंटेंट के अपहरण के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक हजार से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और करीब 500 किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया।
विज्ञापन
सांकेतिक फोटो
- फोटो : Amar Ujala
विस्तार
जयपुर पुलिस ने सेंट्रल पार्क से चार्टर्ड अकाउंटेंट के अपहरण के मामले का शुक्रवार शाम पर्दाफाश कर दिया। पुलिस टीम ने एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और करीब 500 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने भारी कर्ज चुकाने और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए इस वारदात की साजिश रची थी।
विज्ञापन
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए बस्सी थाना क्षेत्र के पोतली गांव निवासी चेतन शर्मा उर्फ लाला (24), खो नागोरियान क्षेत्र स्थित नूर नगर लुनियावास, गोनेर रोड निवासी जैनुल खान (23) और पोतली गांव निवासी हनुमान प्रजापत (23) को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि कुल चार दोस्तों ने मिलकर इस साजिश का ताना-बाना बुना था। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले दो दिन तक पार्क के आसपास लगातार रेकी की थी।
विज्ञापन
हथियार के बल पर कार सहित किया था अपहरण
यह वारदात 10 सितंबर की सुबह हुई थी। चार्टर्ड अकाउंटेंट राजीव गुप्ता (50) सेंट्रल पार्क में सुबह की सैर के लिए पहुंचे थे। पार्क की पार्किंग से बदमाशों ने हथियार के बल पर राजीव गुप्ता का उनकी ही मर्सिडीज कार में अपहरण कर लिया था। खुद को बचाने के लिए राजीव गुप्ता ने चलती कार का दरवाजा खोलकर अपने दोनों पैर बाहर निकाल लिए थे। बदमाशों और पीड़ित के बीच कार के भीतर हुई खींचतान के दौरान कार आमेर थाना क्षेत्र में दो अन्य वाहनों से टकरा गई। इसके बाद तेज रफ्तार कार कच्चे रास्ते पर बने एक नाले में जाकर पलट गई। कार के नाले में पलटते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित राजीव गुप्ता को सकुशल बचा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मर्सिडीज कार को भी मौके से जब्त कर लिया था। इसके बाद अशोक नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
विज्ञापन
फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक से पहुंचे थे बदमाश
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के आने-जाने के पूरे रास्ते का पता लगाया। पड़ताल में सामने आया कि बाइक सवार एक बदमाश अपने दो साथियों को सेंट्रल पार्क के पास छोड़कर चला गया था। जब पुलिस ने बाइक के नंबर की जांच की तो नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। नाला क्षेत्र में कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पैदल भागे दोनों बदमाशों ने अपने तीसरे साथी को फोन कर पास में बुलाया था। इसके बाद तीनों आरोपी एक ही बाइक पर सवार होकर आगरा रोड की तरफ भाग निकले। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से बाइक के रूट का पीछा करते हुए बदमाशों के संभावित छिपने के ठिकानों को चिह्नित किया।
ये भी पढ़ें- बहरोड़ में शपथ ग्रहण पर बवाल: कांग्रेस पार्षदों को रोकने पर भड़के विधायक, एएसपी से धक्का-मुक्की का आरोप
500 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद गिरफ्तार
पुलिस की पकड़ से बचने के लिए आरोपी बार-बार अपने छिपने के ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीम ने करीब 500 किलोमीटर तक लगातार बदमाशों का पीछा किया। शुक्रवार दोपहर पुलिस टीम ने सटीक सूचना मिलने पर घेराबंदी कर दबिश दी और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उन पर काफी कर्ज था और वे फिरौती वसूलकर अपना कर्ज चुकाना चाहते थे। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल उनके चौथे साथी की तलाश में जुटी हुई है।