{"_id":"6a7464a97cc07fa6c806b4b1","slug":"abvp-intensifies-rajasthan-wide-protest-for-student-union-polls-over-36-students-detained-in-jaipur-2026-08-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan: छात्रसंघ चुनाव की मांग पर ABVP का जयपुर समेत कई शहरों में प्रदर्शन, 36 से अधिक छात्र हिरासत में","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan: छात्रसंघ चुनाव की मांग पर ABVP का जयपुर समेत कई शहरों में प्रदर्शन, 36 से अधिक छात्र हिरासत में
Thu, 06 Aug 2026 04:22 PM IST
Sourabh Bhatt
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: Sourabh Bhatt
Updated Thu, 06 Aug 2026 04:22 PM IST
सार
ABVP ने छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर जयपुर सहित छह शहरों में प्रदर्शन किया। राजस्थान विश्वविद्यालय में 36 से अधिक छात्रों को हिरासत में लिया गया। संगठन ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी।
विज्ञापन
ABVP का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनती जा रही है। गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, सीकर, अजमेर और कोटा समेत प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों में एक साथ प्रदर्शन कर राज्य सरकार पर दबाव बढ़ाने की कोशिश की। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए गए तो जयपुर से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन
सबसे बड़ा प्रदर्शन राजस्थान विश्वविद्यालय में देखने को मिला, जहां ABVP कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर चढ़ गए और जुलूस निकालते हुए जेएलएन मार्ग की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने ABVP के राष्ट्रीय विश्वविद्यालय संयोजक भारत भूषण यादव सहित 36 से अधिक छात्रों को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन में मूक-बधिर छात्र भी शामिल हुए और उन्होंने भी छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग का समर्थन किया।
विज्ञापन
छात्र बोले चुनाव लोकतांत्रिक अधिकार
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भारत भूषण यादव ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने छात्रों की आवाज दबाई और सरकार बदलने के बाद छात्रों को उम्मीद थी कि चुनाव बहाल होंगे, लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन पूरे प्रदेश में फैलाया जाएगा।
विज्ञापन
ABVP और एनएसयूआई कार्यकर्ता आमने-सामने
उदयपुर के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय (एमएलएसयू) में छात्रसंघ चुनाव को लेकर ABVP और एनएसयूआई कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। विरोध प्रदर्शन के दौरान पहले आर्ट्स कॉलेज का मुख्य द्वार बंद किए जाने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद कुलपति कार्यालय के बाहर झंडा हटाने को लेकर दोनों संगठनों के बीच कहासुनी हुई, जो धक्का-मुक्की तक पहुंच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। एनएसयूआई नेता कैलाश गुर्जर ने कहा कि प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था कई समस्याओं से जूझ रही है। शैक्षणिक सत्र में देरी, परीक्षा परिणाम समय पर जारी नहीं होना और मूल्यांकन प्रक्रिया की खामियों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने की मांग दोहराई।
जोधपुर में ABVP का प्रदर्शन
जोधपुर के जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में ABVP कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। वहीं सीकर स्थित शेखावाटी विश्वविद्यालय में परिषद कार्यकर्ता प्रशासनिक भवन की छत पर चढ़ गए और नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि छात्रसंघ नहीं होने से छात्रों की समस्याएं उठाने का कोई प्रभावी मंच नहीं बचा है। ABVP के विभाग संगठन मंत्री अभिनव सिंह और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य उत्तम चौधरी ने कहा कि छात्रसंघ चुनावों पर रोक लगने के बाद विश्वविद्यालयों में मनमानी बढ़ी है और छात्रों का प्रतिनिधित्व कमजोर हुआ है।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: पोद्दार मूक बधिर स्कूल में हंगामे के बाद सरकार एक्शन में आई , पूर्व प्रिंसिपल भारत जोशी निलंबित
अजमेर एमडीएसयू में ABVP मुख्य द्वार पर ताला जड़ा
अजमेर के महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय (एमडीएसयू) में ABVP कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया और छात्रसंघ चुनाव सहित अन्य छात्र हितों की मांग उठाई। कोटा विश्वविद्यालय में परिषद ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने, परीक्षा परिणाम समय पर जारी करने, पेयजल व्यवस्था सुधारने और विश्वविद्यालय प्रशासन में सुधार की मांग की।
प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव बहाली का मुद्दा लगातार राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। एनएसयूआई पहले से इस मुद्दे पर आंदोलन कर रही है, जबकि निर्दलीय छात्र नेता शुभम रेवाड़ का आमरण अनशन भी प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पिछले सप्ताह एनएसयूआई के राजस्थान विश्वविद्यालय प्रभारी विजयपाल कुड़ी, उपाध्यक्ष कौशेन खान और छात्र प्रतिनिधि वियोना जाट दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर में पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव बहाल करने के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की भी मांग की थी।