राजस्थान: बदहाल सूरतगढ़-श्रीगंगानगर बाइपास पर गड्ढों में फंसे भारी वाहन, रातभर भूख-प्यासे चालकों ने लगाया जाम
बाइपास की बदहाली और जाम की परेशानी से नाराज चालकों ने शनिवार सुबह सूरतगढ़ रोड स्थित चुंगी नंबर 8 के तिराहे पर वाहनों को सड़क के बीच खड़ा कर चक्काजाम कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जंक्शन में सूरतगढ़-श्रीगंगानगर बाइपास पर खुंजा के पास शुक्रवार देर राज भारी वाहन गड्ढों में फंस गए। इससे बाइपास पर वाहनों की लम्बी कतार लग गई। इस कारण कंटेनर और ट्रक चालकों को सर्दी में भूखे-प्यासे रात गुजारनी पड़ी। बाइपास की बदहाली और जाम की परेशानी से नाराज चालकों ने शनिवार सुबह सूरतगढ़ रोड स्थित चुंगी नम्बर आठ के तिराहे पर वाहनों को सड़क के बीच खड़ा कर चक्काजाम कर दिया। विरोध कर रहे चालकों ने कहा कि सड़क में करीब पांच-पांच फीट के गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में बरसात का पानी भरा हुआ है, इस कारण इनकी गहराई का पता नहीं चलता और गाड़ियां फंस जाती हैं। इससे वाहनों में नुकसान के साथ हमें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विरोध कर रहे चालकों ने मांग करते हुए कहा कि प्रशासन जल्द से जल्द गड्ढे भरवाए। पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद चालकों ने रास्ते से अपनी गाड़ियां हटाईं और फिर जाम खुल सका।
गड्ढों के कारण वाहनों में हो रहा नुकसान
ट्रक चालक कुलवंत सिंह ने कहा कि रास्ता खराब होने के कारण लोड गाड़िया फंस जाती हैं। गड्ढों के कारण रोजाना वाहनों के टायर फट रहे हैं, इससे चालकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। शहर के बीच से भारी वाहनों का प्रवेश बंद है। ऐसे में हम जाएं तो कहां जाएं। चालक अवतार सिंह ने बताया कि सूरतगढ़ की तरफ से आकर श्रीगंगानगर-अबोहर बाइपास रोड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। शुक्रवार रात 11 बजे एक गाड़ी गड्ढे में फंस गई, इससे बाइपास पर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस कारण चालकों और खलासियों को भूखे रहकर सड़क पर ही रात गुजारनी पड़ी। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि या तो प्रशासन शहर के बीच से वाहन ले जाने की अनुमति दे, या क्षतिग्रस्त सड़क को सही कराए। इधर, जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा ने भी चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सड़क की हालत नहीं सुधारी गई तो टोल वसूली बंद करवाकर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।