Rajasthan: नागौर पहुंचे हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला, कहा- 25 से 28 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री और जेजेपी नेता दुष्यंत सिंह चौटाला ने खरनाल स्थित श्री वीर तेजाजी मंदिर के दर्शन भी किए और स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत की। चौटाला ने जहां देवालय-वहां लाइब्रेरी मुहिम के तहत जननायक लाइब्रेरी खरनाल का लोकार्पण किया।
विस्तार
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री और जेजेपी नेता दुष्यंत सिंह चौटाला एक दिवसीय दौरे पर नागौर आए। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला ने राजस्थान में चुनावी गतिविधियों के बीच एक नए चुनावी समर का शंखनाद किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान का धरातल उनके और उनके परिवार के लिए कोई नया नहीं है। उनका परिवार राजस्थान से जनप्रतिनिधि चुनते आए हैं।
चुनाव लड़ने का किया एलान
दुष्यंत सिंह ने नागौर में कहा कि अगर हरियाणा की तरह सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो जेजेपी राजस्थान में भाजपा के साथ गठबंधन करते हुए 25 से 28 सीटों पर विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। इसके लिए पहले दौर की वार्ता होनी है। भाजपा और जेजेपी का यह नया राजनीतिक समीकरण बनता है तो ठीक है नहीं तो जेजेपी नए सिरे से राजस्थान में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उपमुख्यमंत्री चौटाला ने पहलवानों के धरने पर कहा कि उनकी जो मांगी थी वह मानी जा रही है। दिल्ली पुलिस ने मामले में अलग-अलग मामलों में केस दर्ज कर लिया है। इसके अलावा दुष्यंत सिंह चौटाला ने खरनाल स्थित श्री वीर तेजाजी मंदिर के दर्शन भी किए और स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत की।
जहां पर देवालय वहां पुस्तकालय लाइब्रेरी का किया शुभारंभ
डिप्टी सीएम चौटाला ने जहां देवालय-वहां लाइब्रेरी मुहिम के तहत जननायक लाइब्रेरी खरनाल का लोकार्पण किया। तेजाजी के पैनोरमा पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त स्वागत किया। लोगों ने माला-साफा पहनाकर उनका स्वागत किया, उन्होंने लाइब्रेरी का फीता काटा। करीब 11 लाख रुपए की लागत से लाइब्रेरी का निर्माण हुआ है।