Dholpur: बाड़ी एईएन और जेईएन से मारपीट मामले में पुलिस अधीक्षक निलंबित, थानाधिकारी पर भी गिरी गाज
बाड़ी विद्युत निगम कार्यालय में घुसकर बदमाशों ने एईएन और जेईएन से मारपीट की थी। जिसमें दोनों अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में सीएम गहलोत ने धौलपुर एसपी को हटाने का निर्देश दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीएम अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री निवास पर हुई उच्च स्तरीय बैठक ली। जिसमें सीएम ने धौलपुर में बिजली विभाग के कार्मिकों के साथ मारपीट के प्रकरण में धौलपुर के पुलिस अधीक्षक शिवराज मीणा को हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले में दोषियों की अतिशीघ्र पहचान कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीएम गहलोत ने ट्वीट कर लिखा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कर्तव्य निर्वहन कर रहे राजकीय कार्मिकों के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोविड के दौरान बिजली जैसी अत्यावश्यक सेवा से जुड़े राजकीय कर्मचारियों ने अपना जीवन दांव पर लगाकर प्रदेशवासियों के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे कार्मिकों के साथ मारपीट कर कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को भी नहीं है।
बिजली आपूर्ति जैसी अत्यावश्यक सेवा से जुड़े कार्मिकों का दायित्व अत्यधिक चुनौतीपूर्ण है। राज्य सरकार अपने कर्मठ अधिकारियों-कर्मचारियों को पूरा संरक्षण देगी। ऐसी घटनाओं के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में पुलिस महानिदेशक एमएल लाठर ने बताया कि प्रकरण में लापरवाही बरतने और त्वरित कार्रवाई नहीं करने पर बाड़ी के एसएचओ और वृत्ताधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।
क्या है मामला
धौलपुर के बाड़ी विद्युत निगम कार्यालय में दर्जन भर लोगों ने घुसकर एईएन और जेईएन के साथ बेरहमी से मारपीट की थी बाड़ी विद्युत निगम कार्यालय में बैठकर दोनों अधिकारी विद्युत की बकाया वसूली को लेकर बैठक कर रहे थे। इसी दौरान दस से पंद्रह लोग लाठी-डंडे लेकर ऑफिस में घुस गए, जहां उन्होंने जेईएन नितिन गुलाटी और हर्षदापति की बेरहमी से पिटाई कर दी। इसमें दोनों अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले को लेकर वाल्मिकी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार शाम को सीएम गहलोत से मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात की थी। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले में कानून के तहत हर संभव कार्रवाई कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
सहायक अभियंता से सीएम ने पूछी कुशलक्षेम
मुख्यमंत्री ने सवाई मानसिंह अस्पताल के पॉलीट्रॉमा आईसीयू में भर्ती धौलपुर में बिजली निगम के सहायक अभियंता हर्षदापति की कुशलक्षेम पूछी और डॉक्टर से उनके स्वास्थ्य और इलाज के बारे में जानकारी ली। भर्ती सहायक अभियंता के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। धौलपुर में बिजली निगम के कार्मिकों के साथ हुई मारपीट की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। इसमें किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।