कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट निर्माण: अक्तूबर 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य, इस दिन से शुरू होंगी उड़ानें
कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का निर्माण कार्य करीब 30 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अक्टूबर 2027 तक निर्माण पूरा करने और दिसंबर 2027 से उड़ानें शुरू करने का लक्ष्य है। परियोजना पर 1507 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
विस्तार
कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है। अधिकारी अक्तूबर, 2027 तक निर्माण कार्य पूरा करने और दिसंबर, 2027 से नियमित हवाई सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रख रहे हैं। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण करीब 1507 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 440,646 हेक्टेयर भूमि पर यह हवाई अड्डा विकसित कर रहा है। मई 2025 में निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से अब तक एजेंसियां लगभग 30 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर चुकी हैं। वर्तमान में यहां एयरसाइड और सिटीसाइड दोनों क्षेत्रों के विकास कार्य एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।
आधुनिक आधारभूत ढांचा और रनवे का विकास
निर्माण एजेंसियां परिसर में 3200 मीटर लंबे और 45 मीटर चौड़े रनवे का निर्माण तेजी से कर रही हैं। रनवे की बेस लेयर की दो परतें तैयार हो चुकी हैं तथा तीसरी परत बिछाने का काम चल रहा है। इस उन्नत रनवे पर एयरबस ए-321 जैसे बड़े विमान भी उतर सकेंगे। योजना के तहत एयरसाइड के कार्यों पर 467.67 करोड़ रुपये तथा सिटीसाइड के निर्माण पर 393 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। परिसर के भीतर एक मंजिला टर्मिनल भवन, बहुमंजिला एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर, सीआईएसएफ भवन, अग्निशमन केंद्र और तकनीकी ब्लॉक का निर्माण हो रहा है। टर्मिनल भवन यात्रियों के आगमन और प्रस्थान का प्रबंधन करेगा, जबकि बहुमंजिला एटीसी टावर में तैनात कर्मचारी अत्याधुनिक मशीनों की सहायता से विमानों की आवाजाही को नियंत्रित करेंगे।
बिजली और पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था
विभागीय एजेंसियां हवाई अड्डे तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का काम तेजी से निपटा रही हैं। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सकतपुरा स्थित मिनी अकेलगढ़ से परिसर तक 21 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइपलाइन बिछा रहा है। इस 17.46 करोड़ रुपये की परियोजना के लिए विमानपत्तन प्राधिकरण और जलदाय विभाग के बीच एमओयू हुआ था। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील शर्मा ने बताया कि पाइपलाइन का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। दूसरी ओर, बिजली आपूर्ति के लिए जयपुर विद्युत वितरण निगम ने 25.84 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर प्राधिकरण को दिया है। निगम दो फीडर के जरिये बिजली देगा। परिसर में सोलर सिस्टम और ग्रिड स्टेशन बनाने की तैयारी भी चल रही है।
उड़ान प्रशिक्षण और इमिग्रेशन की योजना
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण परिसर में विमानों की मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल सुविधा और एक फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल शुरू करने की संभावनाएं तलाश रहा है। इसके साथ ही प्राधिकरण यहां इमिग्रेशन व्यवस्था विकसित करने की योजना भी बना रहा है। इस सुविधा के चालू होने से हाड़ौती के विद्यार्थियों और विदेश यात्रा करने वाले नागरिकों को इमिग्रेशन से संबंधित कार्यों के लिए जयपुर, दिल्ली अथवा मुंबई नहीं जाना पड़ेगा।
