राजस्थान: हार के बाद हॉर्स ट्रेडिंग पर घमासान ; गहलोत बोले-जहां बीजेपी को एक सीट वहां भी उसे प्रधान बनाना है
पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बढ़त के बाद प्रधान और जिला प्रमुख चुनाव को लेकर सियासत तेज है। अशोक गहलोत ने भाजपा पर हॉर्स ट्रेडिंग और पुलिस दबाव के आरोप लगाए।
विस्तार
राजस्थान में पंचायत और जिला परिषद चुनाव के नतीजों के बाद अब प्रधान और जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा के बीच जिला परिषद ओर पंचायत समितियों में बहुमत जुटाने की कोशिशों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर जनादेश बदलने के लिए सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि जिन पंचायत समितियों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है, वहां भी भाजपा सत्ता और पुलिस के दबाव से अपना प्रधान बनाने की कोशिश कर रही है।
सोमवार को अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा कि चुनाव में जनता ने भाजपा को नकार दिया है, लेकिन सरकार इस फैसले को स्वीकार करने के बजाय कांग्रेस के जीते हुए सदस्यों को तोड़ने में जुटी है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताते हुए हॉर्स ट्रेडिंग और पुलिस के जरिए निर्वाचित प्रतिनिधियों को डराने के आरोप लगाए।
एक सदस्य भाजपा का, 18 कांग्रेस के, फिर भी प्रधान बनाने की कोशिश
गहलोत ने एक पंचायत समिति का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भाजपा का सिर्फ एक सदस्य जीतकर आया है, जबकि कांग्रेस के 18 सदस्य निर्वाचित हुए हैं। इसके बावजूद भाजपा अपना प्रधान बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रधान पद के उम्मीदवारों के घर पुलिस भेजी जा रही है और कांग्रेस की बाड़ाबंदी में पुलिस तीन बार पहुंच चुकी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने के बावजूद भाजपा जोड़-तोड़ में लगी है। दो लोगों को उठाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने सवाल किया कि क्या चुनाव में मिली हार को छिपाने के लिए ऐसे तरीके अपनाए जा रहे हैं?
यह भी पढें- राजस्थान: अब जोड़-तोड़ से बोर्ड बनाने की तैयारी; चित्तौड़गढ़ में आरएलपी प्रत्याशी को ले गई भाजपा; वीडियो वायरल
चुनाव से पहले लगाईं लाइटें, हार के बाद हटाने का आरोप
गहलोत ने टोंक जिले में बिजली के खंभों पर लगाई गई लाइटें हटाने के मामले को भी चुनावी राजनीति से जोड़ा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले वोट हासिल करने के लिए लाइटें लगाई गईं और हार के बाद उन्हें हटाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लाइटें अवैध थीं। गहलोत ने सवाल उठाया कि यदि वे अवैध थीं तो चुनाव से पहले लगाने की अनुमति कैसे मिली? उन्होंने कहा कि चुनाव में हार का खामियाजा आम लोगों को नहीं भुगतना चाहिए।
गहलोत ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा इसी तरह पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल करती रही तो विधानसभा चुनाव में जनता उसे करारा जवाब देगी। उनके मुताबिक नगर निकाय चुनावों में दबाव की राजनीति का जवाब जनता पंचायत चुनाव में दे चुकी है।
अधिकारियों को भी सरकार बदलने का अंदेशा होने का दावा
गहलोत ने ब्यूरोक्रेसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एसीबी, पुलिस मुख्यालय और दूसरे विभागों में दबाव का माहौल है। उनका दावा था कि अधिकारियों के बीच भी यह चर्चा होने लगी है कि मौजूदा सरकार जाने वाली है और आगे किसकी बात सुनी जाएगी। उन्होंने भाजपा को चुनावी हार से सबक लेने और आत्ममंथन करने की सलाह दी।
300 करोड़ का कोचिंग हब शुरू नहीं होने पर उठाए सवाल
गहलोत ने अपनी सरकार के समय शुरू की गई परियोजनाओं का जिक्र करते हुए मौजूदा सरकार पर उन्हें आगे नहीं बढ़ाने का आरोप लगाया। जयपुर के करीब 300 करोड़ रुपये की लागत वाले कोचिंग हब का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बाद भी वहां कोचिंग संस्थानों की गतिविधियां शुरू नहीं हो सकीं। दूसरी ओर शहर के रिहायशी इलाकों में कोचिंग संस्थान चलने से ट्रैफिक की समस्या बनी हुई है।
उन्होंने जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस का मुद्दा भी उठाया। गहलोत के अनुसार, टाटा के साथ एमओयू के जरिए इस संस्थान को शुरू करने की योजना थी। इसके शुरू होने से प्रदेश के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लाभ मिल सकता था।
स्वास्थ्य बीमा पर भ्रम और निजी अस्पतालों की वसूली का मुद्दा
पूर्व मुख्यमंत्री ने 25 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योजना को लेकर आम लोगों में भ्रम है और कई लोगों को लगने लगा है कि बीमा कवर घटाकर पांच लाख रुपये कर दिया गया है। उन्होंने निजी अस्पतालों पर मनमानी वसूली के आरोप लगाते हुए सरकार से चिकित्सा व्यवस्था सुधारने की मांग की। गहलोत ने हार्ट, किडनी और घुटनों जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज मुफ्त उपलब्ध कराने की बात भी कही।
न्यायपालिका की साख बनाए रखना जरूरी
चीफ जस्टिस से जुड़े सवाल पर गहलोत ने सीधे टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका का लोकतंत्र में बेहद महत्वपूर्ण स्थान है। आम आदमी को जब कहीं न्याय नहीं मिलता तो वह अदालत की शरण लेता है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट सहित पूरी न्यायपालिका की विश्वसनीयता सर्वोपरि रहनी चाहिए।
