कांग्रेस ने चुनाव जीतने को देशभक्ति का पाठ पढ़ाया, फिर सर्जिकल स्ट्राइक पर देश के दो फाड़ किए : मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकियों द्वारा मुंबई में हुए 26/11 हमले और सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने सोमवार को कहा कि आज 26 नवंबर है और हिंदुस्तान 26/11 व उसके गुनाहगारों को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले आतंकवाद की इतनी बड़ी घटना घटी कि सारी दुनिया हिल गई थी और पूरा देश एक था, लेकिन जब भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक की तो कांग्रेस ने देश के दो फाड़ कर दिए। उस समय चुनाव जीतने के लिए देश भक्ति के पाठ पढ़ाने वाली कांग्रेस सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठा रही है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो दिखाओ।
उन्होंने लोगों से पूछा कि देश का जवान जब मौत को मुट्ठी में लेकर निकल रहा हो, तो क्या हाथ में कैमरा लेकर जाएगा? जिन नक्सलियों ने भरतपुर के जवान को मौत के घाट उतारा, उन्हीं नक्सलियों को कांग्रेस के नेता क्रांतिकारी होने का सर्टिफिकेट दे रहे हैं। मोदी ने राजस्थान में भीलवाड़ा, आसपुर के बेणेश्वर धाम और कोटा में चुनावी रैलियां कीं। उन्होंने कांग्रेस की यूपीए सरकार के लिए कहा कि जब दिल्ली सरकार रिमोट कंट्रोल से चलती थी और महाराष्ट्र में भी कांग्रेस की सरकार थी, तब 26/11 को मुंबई में आतंकवादियों ने हमला कर हमारे देश के लोगों और जवानों को गोलियों से भून दिया था।
लेकिन आज हमने आतंकवाद के खिलाफ ऐसी लड़ाई लड़ी है कि आतंकियों को कश्मीर की धरती से बाहर निकलना भी मुश्किल पड़ रहा है। आतंकियों को उनकी मौत सीधे दिखाई पड़ रही है। इसके लिए ताकत और हिम्मत लगती है। उन्होंने कहा कि वे विश्वास दिलाते हैं कि कानून अपना काम करके रहेगा। उन्होंने कहा कि माओवादी व नक्सलवादी आए दिन निर्दोषों को मौत के घाट उतार देते हैं और कांग्रेस उन्हें क्रांतिकारी कहकर पुकारती है। बस्तर सहित जहां नक्सलियों व माओवादियों ने मतदान के लिए लोगों को डराया, वहां भी 70 प्रतिशत तक मतदान हुआ है।
अमेरिका भी नहीं पूछता भारत के पीएम की जाति
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता जिन्हें राजदरबारी-रागदरबारी गाने की आदत है, जो एयर कंडीशन कमरे में बैठ के 'भाजपा हार जाए' के गीत गाते रहते हैं, वे यहां मौजूद भीड़ देख लें। अमेरिका भी भारत के पीएम की जाति नहीं पूछता, वहां सवा सौ करोड़ हिंदुस्तानी की एक ही जात होती है और नामदार के चेले प्रधानमंत्री की जाति पूछ रहे हैं। कांग्रेस विकास के मुद्दों पर चर्चा के बजाय जाति पूछ रही है। मोदी ने कहा कि दूसरा नेता कहता है कि मोदी का बाप कौन है। ये नामदार को शोभा नहीं देता।
मोदी हिसाब मांगता है और देता है
उन्होंने कहा कि मोदी हिसाब मांगता भी है और हिसाब देता भी है। कांग्रेस को चार पीढ़ियों का जवाब देना पड़ेगा। वर्ष 2014 में कहा था कि परिश्रम में कमी नहीं रखूंगा। उन्होंने लोगों से पूछा, आप बताइए कि मैं दिन-रात काम करता हूं कि नहीं? कोई छुट्टी ली क्या? वादा निभाया या नहीं? मैं मेरा हिसाब दे रहा हूं कि नहीं?
संविधान दिवस पर याद किया बाबा साहब को
मोदी ने कहा कि आज संविधान दिवस भी है। ये सवा सौ करोड़ हिंदुस्तानियों के हक का दिवस है। आज का दिवस सामाजिक न्याय में विश्वास करने वालों का दिवस है। उन्होंने कहा कि वे बाबा आंबेडकर को राजस्थान की धरती से नमन करते हैं। उन्होंने ही सभी को सामान अधिकार व न्याय का रास्ता दिखाया।