Rajasthan: किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन पर सीएम गहलोत ने जताया शोक, कहा-गुर्जर समाज के लिए अविस्मरणीय रहेगा उनका योगदान
गुर्जर आरक्षण के पुरोधा रहे कर्नल सिंह बैंसला के निधन से राजस्थान में शोक की लहर है। उनके निधन पर सीएम, वसुंधरा राजे, गजेंद्र सिंह शेखावत सहित कई नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान के दिग्गज गुर्जर नेता किरोड़ी सिंह बैंसला का बुधवार रात को निधन हो गया। उनके निधन पर सीएम अशोक गहलोत, वसुंधरा राजे, सतीश पूनिया सहित कई नेताओं ने शोक जताया है। सीएम गहलोत ने कहा कि बैंसला जी के निधन का समाचार बेहद दुखद है। एमबीसी वर्ग को आज आरक्षण मिल पाया तो अगर किसी एक व्यक्ति को श्रेय जाता है तो वह कर्नल बैसला ही हैं।
सीएम गहलोत ने कहा कि सेना में रहते हुए देशसेवा और गुर्जर समाज के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। समाज के मुद्दों को लेकर अनेक बार उनसे चर्चा होती रही। मेरे प्रति उनका स्नेह हमेशा बना रहा। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों और स्व. श्री बैंसला के सहयोगियों के साथ है। ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति दें और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
राजे ने कहा-मेरे लिए ये व्यक्तिगत क्षति
पूर्व मुख्मंत्री वसुंधरा राजे ने भी कर्नल बैंसला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राजे ने कहा कि गुर्जर नेता, कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला जी के निधन का समाचार सुन अत्यंत दु:ख हुआ। उन्होंने आजीवन समाज की भावनाओं को आवाज दी। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना करती हूं।
पूनिया ने कहा-उनका निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया जी ने कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला जी के निधन पर गहरा शोक और दुख व्यक्त किया हैl पूनिया ने किरोड़ी बैंसला जी के बेटे विजय बैंसला से फोन पर बात कर गहरा दुःख व्यक्त किया और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि किरोड़ी बैंसला जी का समाज और प्रदेश में किसानों और युवाओं को जागरूक करने में महत्वपूर्ण योगदान था, उनका निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।
गजेंद्र शेखावत ने भी किया दुख व्यक्त
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ट्वीट कर कहा कि अपना संपूर्ण जीवन गुर्जर समाज के उत्थान में समर्पित करने वाले श्रद्धेय किरोड़ी सिंह बैंसला जी का देहावसान अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों मे स्थान दे और शोकमय परिवार और प्रशंसकों को संबल प्रदान करें।