Churu News: सीएम भजनलाल बोले- कांग्रेस ने शेखावाटी को हमेशा नजरअंदाज किया, भाजपा ने ही वर्षों की प्यास बुझाई
Churu News: मुख्यमंत्री भजनलाल ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यमुना जल समझौता भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने शेखावाटी को हमेशा नजरअंदाज किया, जबकि सबसे अधिक समय सत्ता में वही रही।
विस्तार
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के जन्मदिन को चूरू में 'संकल्प दिवस' के रूप में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा में प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, सहकारिता मंत्री गौतम दक, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और विधायक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गाय और गोचर की रक्षा का संकल्प लेते हुए भावी कार्य योजनाओं की दिशा तय की गई।
जनसभा स्थल पर राजेंद्र राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं को 51 किलो की माला पहनाई गई और परंपरागत साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही सीएम को प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया गया।
यह भी पढ़ें- Rajsamand News: जमीन विवाद को लेकर दो परिवारों में हुआ खूनी संघर्ष, झगड़े में एक बुजुर्ग की मौत
यमुना जल समझौते को बताया बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हेलीकॉप्टर से चूरू पहुंचे और अपने संबोधन में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यमुना जल समझौता भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने शेखावाटी को हमेशा नजरअंदाज किया, जबकि सबसे अधिक समय सत्ता में वही रही। सीएम ने कहा कि कांग्रेस के पास विकास की न नीयत थी, न नीति। उन्होंने कहा कि भाजपा ने शेखावाटी की वर्षों की प्यास बुझाने का काम किया है, जो कांग्रेस के लिए केवल वादों तक सीमित रहा।
भजनलाल शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि हरियाणा में अगर कांग्रेस की सरकार बनती, तो वह यमुना जल समझौते को रद्द कर देती। उन्होंने कांग्रेस पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि समझौता रद्द तब होता जब आपकी सरकार बनती, लेकिन जनता ने भाजपा को चुना, क्योंकि जनता जानती है कि जो काम करता है, वही भाई होता है, छुरा चलाने वाला नहीं।
राजेंद्र राठौड़ को बताया जनता का सच्चा प्रतिनिधि
मुख्यमंत्री ने राजेंद्र राठौड़ की जनसेवा और राजनीतिक यात्रा की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि राठौड़ सात बार विधायक बने और आज भी आम जनता की सुबह की शुरुआत उनके जनसुनवाई से होती है। उन्होंने राठौड़ को जनता का सच्चा सेवक बताते हुए कहा कि चूरू में भाजपा सरकार ने उनके नेतृत्व में विकास की गति तेज की है।
कांग्रेस पर बरसे, पीएम मोदी की तारीफ की
सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने यमुना जल के नाम पर केवल धोखा दिया, जबकि भाजपा सरकार ने इसे जमीन पर उतार कर दिखाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सराहना करते हुए कहा कि शेखावाटी के किसान और जवानों से उन्हें विशेष लगाव है। उन्होंने याद दिलाया कि वन रैंक वन पेंशन जैसी योजनाएं भी मोदी सरकार की देन हैं।
यह भी पढ़ें- Alwar News: गोबर डालने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, कुल्हाड़ी से हमले में पांच लोग घायल; तीन महिलाओं के सिर फटे
'दिल्ली बुलाने' के सवाल पर भाजपा अध्यक्ष का जवाब
मुख्यमंत्री को बार-बार दिल्ली बुलाए जाने पर उठे सवालों का जवाब प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली जाना योजनाएं और बजट लाने का हिस्सा है, यह कोई असामान्य बात नहीं है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी दिल्ली जाते थे, लेकिन उस समय कर्मचारियों को तीन-तीन महीने तक तनख्वाह नहीं मिलती थी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.