Rajasthan: भाजपा का मिशन 2024 शुरू, हर सांसद को 100 बूथ पर काम करने के निर्देश
पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा के हाथ से जो सीटें चली गईं थीं, उनपर जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। यही वजह है कि पार्टी हारे हुए बूथों की सारी अहम जानकारी जुटा रही है।
विस्तार
पिछले लोकसभा चुनाव में जिन सीटों पर पार्टी को हार मिली थी, उन सीटों पर जीत के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। बता दें कि एक सांसद की लोकसभा क्षेत्र में लगभग 1600 बूथ होते हैं। जिसमें से हारे हुए 100 बूथ सांसद के जिम्मे सौंपे गए हैं। इसके अलावा 25 बूथ विधायक को दिए गए हैं। हर लोकसभा में आठ विधानसभा सीट होती है। आठ विधायकों से 25 बूथ मतलब 200 बूथ और 100 बूथ सांसद के कुल 300 बूथ के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। करीब 20 फीसदी बूथ जो भाजपा की पहुंच से दूर थे, उसपर जीत सुनिश्चित करने के लिए फिर से काम शुरू किया जाएगा।
वहीं भाजपा इन बूथों की कुछ अहम जानकारियां भी निकलवा रही है। जैसे कि किस जाति की कितनी आबादी है, 2024 तक कितने नए वोटर होंगे, विचारधारा क्या है, भाजपा से क्या नाराजगी है और अन्य जानकारी भी जो चुनाव की दृष्टि से महत्पूर्ण हो, उसे एकत्र करवाया जा रहा है। जिससे हर हारे हुए क्षेत्र में भाजपा जनता के नब्ज टटोल सके और जीत के लिए सही रणनीति बना सके।