BJP: अल्पसंख्यक मोर्चा ने गहलोत सरकार के खिलाफ निकाला मार्च, नाबालिगों ने बजाए ढोल, पूनिया बोले- सत्ता बदलेगी
राजधानी जयपुर में बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा ने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के नेतृत्व में गहलोत सरकार के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। पूनिया ने कहा-2023 विधानसभा चुनाव में राजस्थान में सत्ता बदलेगी, लेकिन इस दौरान कई नाबालिक बच्चे भी बीजेपी के दुप्पटे पहनकर ढोल पीटते नजर आए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जयपुर में हुए धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा- जिस शान और शिद्दत से हमने बीजेपी का झण्डा थामा है, झण्डे की शान तभी होती है, जब मजबूत डण्डा होता है, अल्पसंख्यक मोर्चा भी पार्टी का उसी तरीके का डण्डा है, जो पार्टी के झण्डे की शान को मजबूती से थामकर रखता है। पार्टी के सभी सातों ही मोर्चे, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, एससी और एसटी मोर्चा, OBC मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, ये तमाम मोर्चे आज पूरे राजस्थान में पार्टी की ताकत बने हैं।अल्पसंख्यक मोर्चे को भी इसके लिए बहुत धन्यवाद दूंगा।
हम केवल नारे नहीं लगाते, हर मुद्दे को उठाया
पूनिया ने कहा- भाजपा सिर्फ नारों की नहीं, राजस्थान में आज सरोकारों की पार्टी है। यही कारण है कि कोविड पीरियड में सबसे ज्यादा सेवा का काम भाजपा के कार्यकर्ताओं ने किया। जब-जब मौका आता है, जनहित की बात आती है, तो चाहे बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्कूल, स्वास्थ्य चाहे जो भी मुद्दे हों, इन सब मुददे और मसलों पर भाजपा ने मुखरता से आवाज उठाई है, पेपर लीक से लेकर तमाम मुददों को लेकर हमने काम किया है।
जयपुर में दो बार लगातार मुस्लिम भाइयों को पदमश्री
पूनिया बोले-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद और अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने वास्तविक तौर पर पदमश्री पुरस्कारों का काबिलियत के आधार पर मान बढ़ाया है। अगर पदमश्री पुरस्कारों को देखें, तो यह पुरस्कार पहले कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं को मिलते थे, अब मोदी सरकार के शासन में जयपुर में दो बार लगातार हमारे मुस्लिम भाईयों को पदमश्री मिलता है, तो काबिलियत के आधार पर मिलता है।
2023 में राजस्थान में सत्ता बदलेगी
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बोले- राजस्थान में आज भाजपा विपक्ष में है और इस विपक्ष की आवाज को बुलंद रखना है। मैं इतना कह सकता हूं कि 2023 में राजस्थान में सत्ता बदलेगी और दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एच. खान, प्रदेश महामंत्री हामीद मेवाती सहित सहित बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नाबालिग बच्चों ने बजाए ढोल
बीजेपी प्रदेश मुख्यालय के बाहर काफी सारे नाबालिक बच्चे ढोल पीटते हुए नजर आए। इन सभी बच्चों ने सिर या गले पर बीजेपी के दुपट्टे डाल रखे थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान ये बच्चे भी बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ ढोल बजाते हुए चल रहे थे। जानकारी के मुताबिक अल्पसंख्यक मोर्चा ने परकोटा सिटी से इन ढोल वालों को बुलाया था, लेकिन ढोल वाले कमाई के लालच में बच्चे भेज दिए। अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष ने भी इसे लेकर नाराजगी जताई है।