Raju Theth Murder: सीकर गैंगवार को लेकर भड़के पूनिया, बोले- नैतिकता के आधार पर सीएम गहलोत इस्तीफा दें
राजू ठेहट हत्याकांड को लेकर राजस्थान की सियासत गरमा गई है। भाजपा और रालोपा ने सीकर गैंगवार को लेकर गहलोत सरकार को घेरा है। वहीं सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने मृतक ताराचंद के परिवार से भी मुलाकात की।
विस्तार
सीकर में गैंगस्टर राजू ठेहट की शनिवार को दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। इस गैंगवार में एक बेकसूर शख्स की भी मौत हो गई। इस घटना को लेकर भाजपा गहलोत सरकार पर हमलावर हो गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि मुखिया जी, राहुल गांधी को आप खुश कर लेंगे लेकिन जिनके लिए सत्ता संभाली उसे क्या जवाब देंगे ?
सतीश पूनिया ने मृत पिता ताराचंद के साथ बैठी एक उनकी बेटी का फोटो शेयर कर गहलोत सरकार को घेरा। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मुखिया जी, इस बच्ची को क्या मुंह दिखाएंगे ? उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री जो गृहमंत्री भी हैं, उनके द्वारा कानून व्यवस्था की समीक्षा मात्र फोटो खिंचवाने तक ही सीमित है। कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इनके पास कोई ठोस एक्शन प्लान नहीं है, ना प्रदेश की जनता की सुरक्षा के लिए चिंतित हैं, इसलिए नैतिकता के आधार पर इनको इस्तीफा दे देना चाहिए।
मृतक ताराचंद के परिजन से मिले बीजेपी सांसद
स्थानीय सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने भी घटना को लेकर गहलोत सरकार को जिम्मेदार ठहराया। सुमेधानंद सरस्वती ने सीकर के एसके अस्पताल स्थित मोर्चरी पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से चर्चा भी की। इस दौरान वे बालिका के परिजन से भी मिले।
पुलिस इंटेलिजेंस नाकाम-बेनीवाल
वहीं लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के संयोजक व सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि सीकर में जो घटनाक्रम हुआ, उससे एक बार पुन: सरकार का तंत्र और पुलिस का इंटेलिजेंस नाकाम साबित हुआ। दिन दहाड़े सरेआम सीकर शहर के कोचिंग क्षेत्र में जहां हजारों बच्चों का आना जाना रहता है, ऐसे घटनाक्रम में बच्चों की जान भी जा सकती थी।
बेनीवाल ने कहा कि पूरे मामले में जो वीडियो फुटेज सामने आए उससे यह जाहिर है की अपराधियों में किसी का कोई खौफ नहीं रहा, क्योंकि अपराधी अपना चेहरा दिखाते हुए और फायरिंग करते हुए बेखौफ जा रहे है। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक ने राज्य के पूरे पुलिस तंत्र को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा में लगा रखा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपना वक्तव्य देना चाहिए।
चार संदिग्धों की हुई पहचान
राजू ठेहट हत्याकांड में शामिल चार संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए पूरे प्रदेश में नाकाबंदी की गई है। सीकर में स्थिति शांतिपूर्ण है और स्थिति पर गंभीरता से नजर रखी जा रही है।