राज्यवर्धन लगाएंगे सीपी जोशी पर निशाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मशहूर निशानेबाज व ओलंपिक पदक विजेता राज्यवर्धन सिंह राठौर जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट से कांग्रेस के महासचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी पर निशाना साधेंगे।
भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान की 21 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी, जिसमें कई नाम चौंकाने वाले हैं।
भाजपा ने वरिष्ठ नेता व विधायक घनश्याम तिवाड़ी की दावेदारी खारिज करते हुए जयपुर शहर से पूर्व जिला प्रमुख रामचरण बोहरा को मैदान में उतारा है।
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के प्रचार में जुटे योग गुरू बाबा रामदेव भी दो सीटों से अपने चहेतों को टिकट दिलवाने में सफल रहे हैं।
67 उम्मीदवारों की पांचवी सूची
भाजपा ने 67 उम्मीदवारों की पांचवी सूची जारी की, जिसमें पार्टी ने सभी चारों सांसदों के टिकट बरकरार रखे हैं। इन सांसदों में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह का भी नाम है।
वहीं, भाजपा ने बाबा रामदेव की सिफारिश पर सीकर से स्वामी सुमेधानंद तथा अलवर से महंत चांदनाथ को मौका दिया है। यूपीए सरकार में मंत्री नमोनारायण मीणा के भाई व राजस्थान के पूर्व डीजीपी हरीश मीणा को दौसा से टिकट दिया गया है।
भाजपा ने बाड़मेर, अजमेर, करौली-धौलपुर और पाली से अभी उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। बाड़मेर सीट से उम्मीदवार की घोषणा जसवंत सिंह और कर्नल सोनाराम की दावेदारी के बीच फंस गई। कोटा से वसुंधरा के नजदीकी माने जाने वाले विधायक ओम बिड़ला को उतारा गया है।
वसुंधरा व जसवंत सिंह में मतभेद
प्रदेश की बाड़मेर सीट को लेकर वसुंधरा राजे और पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बीच मतभेद सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार चुनाव समिति की बैठक के दौरान राजे ने बाड़मेर से कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए कर्नल सोनाराम को टिकट देने की वकालत की।
जबकि इस सीट से जसवंत सिंह भी टिकट मांग रहे हैं। जसवंत सिंह ने 2009 का लोकसभा चुनाव पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग से जीता था।
बाड़मेर से 2009 में भाजपा के टिकट पर उनके बेटे मानवेंद्र सिंह को उतारा गया था। हालांकि वे कांग्रेस के हरीश चौधरी से हार गए थे।