राजस्थान : पाकिस्तान सीमा पर मजबूत होगा रेल नेटवर्क, 1,487 किमी की छह परियोजनाएं
रेलवे राजस्थान में पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में 1,487 किलोमीटर की छह रेल परियोजनाओं पर काम कर रहा है। इनमें चार नई रेल लाइनें और दो मार्गों का दोहरीकरण शामिल है। यात्री व माल ढुलाई क्षमता और सामरिक जरूरतों के लिए यह विस्तार हो रहा है। दो परियोजनाओं की 6,165 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार है, जबकि शेष चार का सर्वे जारी है।
विस्तार
नई रेल लाइनों का विस्तार
उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार, अनूपगढ़ से बीकानेर तक 187 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन की डीपीआर 2,277 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई है, जिसे अब स्वीकृति के अगले चरण में भेजा जा रहा है। इस रेल लाइन के बनने से अनूपगढ़ और बीकानेर के बीच रेल संपर्क अधिक सुदृढ़ होगा। इसके अलावा, जैसलमेर से बाड़मेर होते हुए गुजरात के भाभर या भीलड़ी तक 380 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का फाइनल लोकेशन सर्वे जारी है। खाजूवाला से जैसलमेर तक 260 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाने की तैयारी भी की जा रही है, जिसे अनूपगढ़-बीकानेर रेल परियोजना से जोड़ा जाएगा। वहीं सोनू से रामगढ़ तक 26 किलोमीटर की नई रेल लाइन का सर्वे कार्य भी प्रगति पर है।
रेल मार्गों का दोहरीकरण
रेलवे सीमावर्ती क्षेत्रों में ट्रेनों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए दो प्रमुख रेल मार्गों का दोहरीकरण भी कर रहा है। बठिंडा से हनुमानगढ़ और सूरतगढ़ होते हुए बीकानेर तक 320 किलोमीटर लंबे मार्ग के दोहरीकरण की डीपीआर 3,888 करोड़ रुपये में तैयार की गई है। इसके साथ ही लालगढ़ से जैसलमेर तक 314 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग का भी दोहरीकरण करने के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे किया जा रहा है। इन दोनों रेल मार्गों के दोहरीकरण से क्षेत्र में यात्री गाड़ियों और मालगाड़ियों के संचालन की क्षमता में वृद्धि हो सकेगी।
