{"_id":"66c82db258dee49f7702f185","slug":"truck-full-of-beef-caught-in-mandi-gobindgarh-hindu-organizations-jam-ludhiana-delhi-highway-2024-08-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंजाब में गो मांस से भरा ट्रक पकड़ा: हिंदू संगठन सड़कों पर उतरे, लुधियाना-दिल्ली हाइवे जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पंजाब में गो मांस से भरा ट्रक पकड़ा: हिंदू संगठन सड़कों पर उतरे, लुधियाना-दिल्ली हाइवे जाम
Fri, 23 Aug 2024 12:05 PM IST
अंकेश ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Fri, 23 Aug 2024 12:05 PM IST
सार
पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ से गुजरने वाले हाइवे पर जम्मू-कश्मीर नंबर के एक ट्रक में गो मांस मिला है। इसके बाद हिंदू संगठन के लोगों ने रोष जताते हुए हाइवे जाम कर दिया है।
विज्ञापन
ट्रक में मिला गो मांस।
- फोटो : संवाद
विस्तार
पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ में शुक्रवार सुबह उस समय हंगामा हो गया, जब वहां से गुजर रहे एक ट्रक में गो मांस मिला। इसकी जानकारी जैसे ही हिंदू संगठनों को लगी तो वे मौके पर पहुंच गए। हिंदू संगठन के लोगों ने हाइवे जाम कर दिया है और वे जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। जांच के दौरान पता चला कि जम्मू-कश्मीर नंबर जेके-22 बी0876 एक एलपी ट्रक में गो मांस भरा हुआ है।
विज्ञापन
गो मांस से भरा ट्रक के बारे में पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
शुक्रवार सुबह मंडी गोबिंदगढ़ से गुजरने वाले नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर मांस से भरा एक ट्रक पकड़ा गया है। इसकों लेकर हिंदू संगठनों में भारी रोष पाया जा रहा है। रोष जता रहे लोगों ने नेशनल हाईवे सर्विस रोड के दोनों तरफ लुधियाना से दिल्ली और अंबाला से लुधियाना की ओर दोनों रोड पर जाम लगा दिया है।
विज्ञापन
विभिन्न हिंदू संगठनों व गो भक्तों ने ट्रक में भरे मांस को गायों का मांस बताया और फैक्ट्री मालिक और चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हरकत में आई फतेहगढ़ साहिब पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को शांत करवाया। घटना का जायजा लेने के लिए डीआईजी रोपड़ नीलांबरी जगदले, एसएसपी फतेहगढ़ साहिब रवजोत गरेवाल, एसपीडी राकेश यादव मौके पर पहुंचे और संबंधित लोगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया।
विज्ञापन
पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जिनमें आरोपियों की पहचान वसीम कुरैशी निवासी गाजियाबाद, हाजी दिलशाद निवासी सदर बाजार नजदीक इकबाल होटल पटियाला, काका सलीम निवासी जमालपुर मलेरकोटला, नासीर अहमद वानी मुजैनपुरा शोपिया जम्मू-कश्मीर, बिलाल अहदम निवासी कुमदयाम शोपिया जम्मू-कश्मीर के तौर पर हुई है।
इससे पहले पुलिस थाना मंडी गोबिंदगढ़ में अपने बयान में गोरक्षा दल पंजाब के वाइस चेयरमैन गौतम कुमार निवासी खन्ना ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग साहिबाबाद उत्तर प्रदेश के कोल्ड स्टोर से गायों के मांस से भरा ट्रक लेकर पंजाब के रास्ते जम्मू-कश्मीर के सोफिया इलाके में ले जा रहे हैं। मांस को होटल ढाबों पर सेल करते हैं। सुबह करीब 6 बजे के आसपास यह ट्रक मंडी गोबिंदगढ़ के नेशनल हाइवे नजदीक डी-मार्ट सर्विस रोड के पास पहुंचा तो उन्होंने अपने साथियों समेत इस ट्रक का घेराव किया। उधर, गोबिंदगढ़ पुलिस थाना में फतेहगढ़ साहिब के एसपीडी राकेश यादव ने बताया कि मांस की जांच करवाई जा रही है। हमने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मजबूरी में किया रोड जाम
श्री ब्राह्मण सभा पंजाब के प्रधान देवी दयाल पराशर ने बताया कि सुबह पांच बजे हमें गो मांस से भरे ट्रक के आने की सूचना मिली थी। हमने ट्रक को काबू कर पुलिस को इसकी सूचना देनी चाही तो शुरुआती दौर में पुलिस ने कार्रवाई में ढील बरती, जिससे मजबूरन हमें रोड जाम करना पड़ा। मांस तस्करों पर कार्रवाई को लेकर एसपीडी राकेश यादव को अपील की थी कि उनके आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया।
पुलिस वाले से हाथापाई कर वर्दी फाड़ी, केस दर्ज
मांस से भरे ट्रक को लेकर धरना दे रहे लोगों ने सड़क जाम की थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की एक पुलिस मुलाजिम से हाथापाई कर उसकी वर्दी फाड़ने, गालियां देने के जुर्म में गोबिंदगढ़ पुलिस ने भरत गुप्ता निवासी मंडी गोबिंदगढ़ के खिलाफ केस दर्ज किया है। जीआरपी सरहिंद के मुलाजिम प्रदीप सिंह ने बताया कि वह सुबह खन्ना से सरहिंद बुलेट मोटरसाइकल पर ड्यूटी के लिए जा रहा था। रास्ते में प्रदर्शनकारियों में से भरत गुप्ता ने उससे पहले बदतमीजी और हाथापाई की।