केंद्र के साथ बैठक में शामिल होंगे डल्लेवाल: चंडीगढ़ में होगी मीटिंग, US से डिपोर्ट युवाओं को लेकर कही ये बात
फसलों की एमएसपी पर कानूनी गारंटी समेत अन्य मांगों को लेकर आमरण अनशन कर रहे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल 14 फरवरी को केंद्र के साथ होने वाली बैठक में शामिल होंगे। यह बैठक चंडीगढ़ में होगी।
विस्तार
किसानों और केंद्र के बीच 14 फरवरी को चंडीगढ़ में होने वाली बैठक पर चला आ रहा संशय खत्म हो गया है। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने स्पष्ट कर दिया है कि वे इस बैठक में शामिल होंगे। इस मुद्दे पर वीरवार को खनौरी बॉर्डर पर किसान संगठनों की आपस में बैठक होगी। किसान आंदोलन का बुधवार को एक साल पूरा होने पर खनौरी बॉर्डर पर हुई महापंचायत में डल्लेवाल ने यह बात कही।
डल्लेवाल ने युवाओं के भविष्य और कृषि क्षेत्र की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं को विदेशों में अपमानित करवाने के बजाय देश में ही रोजगार के अवसर पैदा करने चाहिए। इसके लिए कृषि क्षेत्र को मजबूत करना जरूरी है और एमएसपी की गारंटी ही इसका एकमात्र रास्ता है। डल्लेवाल ने कहा कि वह शुक्रवार को केंद्र सरकार के साथ होने वाली मीटिंग में स्वयं मौजूद रहें, ताकि सभी मिलकर किसानों का पक्ष मजबूती से रख सकें। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को सोचना चाहिए कि देश के नौजवान अपना देश छोड़कर बाहर जाने के लिए मजबूर क्यों हो रहे हैं? इसकी सबसे बड़ी वजह है कि देश में नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है।
डल्लेवाल ने एमएसपी पर कानूनी गारंटी की मांग दोहराई
डल्लेवाल ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार एमएसपी लागू करने और फसलों की सरकारी खरीद की गारंटी का कानून बनाने की मांग को फिर उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की मांगों को अनदेखा कर रही है, जो कि गलत है। महापंचायत में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु समेत कई राज्यों के किसान और नेता शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर आंदोलन को जारी रखने का संकल्प लिया।
बलदेव सिंह सिरसा को दिल का दौरा पड़ा, अस्पताल में भर्ती
महापंचायत शुरू होने से पहले किसान नेता बलदेव सिंह सिरसा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें छाती में दर्द हुआ, जिसके बाद वह बेहोश हो गए। धरनास्थल पर मौजूद डाॅक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उन्हें सरकारी राजिंदरा अस्पताल दाखिल कराया गया। सुबह 11 बजे बलदेव सिंह सिरसा संयुक्त किसान मोर्चा के किसान नेताओं के साथ खनौरी मोर्चे पर पंडाल में बैठे थे। इसी बीच उन्हें दिल का दौरा पड़ा। राजिंदरा अस्पताल में उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
शंभू बॉर्डर पर महापंचायत आज
वीरवार को शंभू बॉर्डर पर भी एक महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें किसान आंदोलन की आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। एमएसपी और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दे अभी भी प्रमुख बने हुए हैं, और किसानों ने अपनी मांगों को पूरा होने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया है। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि वीरवार की महापंचायत को लेकर लंगर-पानी से लेकर पंडाल में बैठने तक की व्यवस्था हो चुकी हैं। बुधवार को शंभू बार्डर पर गुरु रविदास जयंती मनाई गई। इसमें किसानों ने संकल्प लिया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा, फिर चाहे कितनी ही कुर्बानियां क्यों न देनी पड़ें।