Abohar Accident: धुंध में ट्राली से टकराए बाइक सवार की मौत, बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सोए युवक ने दम तोड़ा
बार-बार जागरूक करने के बाद भी लोग सर्दी से बचाव के लिए बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सो जाते हैं और ऑक्सीजन की कमी से जान से हाथ धो बैठते हैं। ऐसे ही गुरुवार रात बंद कमरे में जलती हुई अंगीठी ने एक युवक की जान ले ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में ठंड और कोहरे की मार जारी है। घनी धुंध में हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई वहीं सर्दी से बचाने के लिए जलाई गई अंगीठी के कारण एक युवक को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। घनी धुंध के कारण गुरुवार को ओवरलोड ट्राली में टकराने से गांव जंडवाला मीरांसागला निवासी करीब 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना का पता चलते ही थाना खुईयां सरवर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया और मामले की कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार संदीप पुत्र सोनाराम स्कूल यूनिफार्म बनाने का काम करता था। गुरुवार शाम करीब साढे़ 6 बजे वह अपनी बाइक पर शहर से गांव लौट रहा था। जब वह किल्लियांवाली सोसायटी के निकट पहुंचा तो धुंध के कारण सामने से आ रही पराली से भरी ओवरलोड ट्राली से टकरा गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना खुईयां सरवर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेते हुए मृतक के भाई अंग्रेज के बयान पर कार्रवाई शुरू कर दी। फरार ट्रैक्टर-ट्राली चालक की तलाश जारी है। मृतक दो बेटियों का पिता था।
बंद कमरे में अंगीठी जलाने से युवक की जान गई
बार-बार जागरूक करने के बाद भी लोग सर्दी से बचाव के लिए बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सो जाते हैं और ऑक्सीजन की कमी से जान से हाथ धो बैठते हैं। ऐसे ही गुरुवार रात बंद कमरे में जलती हुई अंगीठी ने एक युवक की जान ले ली जबकि उसका साथी गंभीर है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी करीब 26 वर्षीय उस्मान पुत्र सुलेमान व उसका साथी करीब 22 वर्षीय सैदाव पुत्र लाला खान पिछले कुछ समय से सीतो रोड़ पर एक वेल्डिंग दुकान पर काम करते थे और यहीं एक कमरे में रहते थे। गुरुवार रात ठंड अधिक होने के कारण इन युवाओं ने जलती हुई अंगीठी कमरे में रख ली और सो गए। रात्रि के समय ऑक्सीजन के अभाव में दोनों का दम घुटने लगा और वे बेहोश हो गए।
सुबह करीब आठ बजे उसके ही पड़ोस में रहने वाले उस्मान के भाई सूफीआना ने कमरे में जाकर देखा तो दोनों अचेतावस्था में पड़े थे। इस पर उसने आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उस्मान को मृत घोषित कर दिया जबकि सैदाव की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। उसे श्रीगंगानगर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
जलालाबाद: धुंध में दो बाइक की भिड़ंत में दो की मौत
घनी धुंध में फाजिल्का के गांव चक्कपक्खी से चिमनेवाला के बीच दो बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दो व्यक्तियों की मौत हो गई है, जबकि दो महिलाएं जख्मी हो गईं। जिन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के लिए शवों को फाजिल्का सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
स्वर्ण सिंह ने बताया कि रणजीत सिंह (53) निवासी अलियाना उसका चचेरा भाई है। रणजीत सिंह बाइक पर सवार होकर दवा लेकर घर लौट रहा था। धुंध में दिखाई न देने पर गांव चक्कपक्खी व चिमनेवाला के बीच उसकी बाइक मनजोत सिंह निवासी अभुन्न की बाइक से टकरा गई। टक्कर जबरदस्त थी। इस हादसे में रणजीत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रणजीत की पत्नी, मनजोत सिंह व मनजोत की बहन गंभीर जख्मी हो गए। मनजोत को बठिंडा के अस्पताल में दाखिल करवाया है, जहां उसकी मौत हो गई।