चंडीगढ़। टैगोर थिएटर में शनिवार को स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर को गीतों के माध्यम से श्रद्धांजलि दी गई। उभरती गायिका तनिष्का ने ये दिल और उनकी निगाहों के साए...गीत पेश जमकर तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता और बैडमैन नाम से प्रसिद्ध गुलशन ग्रोवर सेलिब्रेटी गेस्ट के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने व अन्य गण्मान्यों ने लता दीदी की दूसरी पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उनकी याद में संगीत संध्या एलाइव फॉरएवर लता मंगेशकर का आयोजन हुआ। म्यूजिकल वेव्स और पैथीओज वेलफेयर सोसाइटी एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के सहयोग से यह आयोजन हुआ। कार्यक्रम में 21 गायकों ने 24 गीत गाए। संगीतमयी संध्या की शुरुआत युवा गायिका वान्या नरुला की ओर से गाए गीत तुम आशा और विश्वास हो हमारे... से हुई। विकास सिंगला ने जो तुमको हो पसंद, गौरी ठाकुर ने अजी रूठ कर अब कहां जाइएगा... पेश कर समा बांध दिया। परम चंदेल और कविता ने हम दोनों दुनिया छोड़ चले... पेश कर खूब वाहवाही लूटी। राजेश कुमार ने रुक जाना ओ जाना हमसे..., सुमन रानी ने चोरी चोरी कोई आए, तरुणदीप चंदेल ने पैसा ये पैसा.. कुलभूषण भट्ट ने गोरी तेरा गांव बड़ा प्यारा... पेश सबका मन मोह लिया। कविता और राम आजाद ने मैं तुमसे मिलने आई... ने पेश किया। इनके अलावा वान्या नरुला, दीपांशु, गुरप्रीत गाबी, वैशाली, गुरी कौर, भटनागर, विकास सिंगला, वान्या नरुला, राजेश कुमार और सुमन ने भी गीत पेश कर वाहवाही लूटी।