जीरकपुरः ट्यूबवेल के कमरे से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, गले और सिर पर हैं गहरे जख्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जीरकपुर के एयरपोर्ट रिंग रोड से करीब 200 मीटर दूर गांव रामगढ़ भूडा को जाने वाली सड़क पर पड़ते एक ट्यूबवेल के कमरे से लहूलुहान स्थिति में चारपाई पर पड़ा एक अज्ञात शव पुलिस को मिला है। मृतक ने आसमानी रंग की कमीज, नीली पैंट व भूरे रंग के सैंडल पहने हुए हैं। प्रारंभिक जांच में व्यक्ति के गले और सिर पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं।
पुलिस अंदाजा लगा रही है कि व्यक्ति पर तेजधार हथियार से वार किया गया है। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए स्थानीय लोगों, पंचायत प्रतिनिधियों व अन्य लोगों से भी पूछताछ की लेकिन शिनाख्त नहीं हुई। डीएसपी गुरबख्शीश सिंह ने बताया कि सभी थानों में मामले की सूचना दे दी है ताकि इसकी पहचान हो सके।
मौके पर जांच के लिए पहुंचे जीरकपुर थाना के एसएचओ गुरचरण सिंह ने बताया कि मृतक देखने में तंदरुस्त और अधेड़ उम्र का लग रहा है, इसलिए पुलिस को शक है कि इस हत्या के पीछे एक नहीं बल्कि कई लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने धारा 302 के तहत हत्या का केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है और शव को पहचान के लिए डेराबस्सी के सिविल अस्पताल के शव गृह में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है।
गांव रामगढ भूडा के किसान विक्रमजीत सिंह ने शनिवार सुबह 6.30 पर फोन कर पुलिस को बताया कि उसके ट्यूबवेल के कमरे से खून बाहर निकल रहा है। पुलिस ने मौके पर आकर देखा तो वहां शव पड़ा था पर शव से कोई पहचान पत्र नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आसपास खेतों में तथ्य एकत्रित करने के लिए जांच शुरू की। मृतक के सिर के पिछले हिस्से में करीब दो इंच गहरा घाव है और देखने में लग रहा है कि गले पर वार से सांस लेने वाली नली टूट गई है।
मौके पर जांच के दौरान पुलिस को कोई हथियार नहीं मिला है। वहां से शराब की आधी बोतल और लिफाफे में कुछ फल मिले हैं। हत्या में पुलिस दो पहलुओं से जांच कर रही है। पहला कि हत्या के बाद शव वहां लाकर रखा गया या फिर मौके पर ही अज्ञात की शराब पिलाकर हत्या की गई हो। हालांकि पुलिस के अनुसार वहां पर ऐसे कोई निशान नहीं मिले, जिससे यह लगे कि हत्या से पहले वहां कोई झड़प हुई हो।