{"_id":"659da153d3bed50c70069aea","slug":"police-will-stop-online-sales-of-spring-knives-being-used-in-crimes-mohali-news-c-16-sml1026-325049-2024-01-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Chandigarh: कमानीदार चाकुओं की ऑनलाइन बिक्री बंद करवाएगी पुलिस, वारदातों में बढ़ रहा इस्तेमाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Chandigarh: कमानीदार चाकुओं की ऑनलाइन बिक्री बंद करवाएगी पुलिस, वारदातों में बढ़ रहा इस्तेमाल
Wed, 10 Jan 2024 01:11 AM IST
चंडीगढ़ ब्यूरो
बृजेन्द्र गौड़, अमर उजाला, चंडीगढ़
बृजेन्द्र गौड़, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Wed, 10 Jan 2024 01:11 AM IST
सार
पुलिस के मुताबिक कमानीदार चाकुओं को रखना आसान होता है और यह काफी खतरनाक होते हैं। ऐसे में इनका प्रयोग वारदातों में ज्यादा हो रहा है। शहर में चाकुओं के हमले में कई जानें भी जा रही हैं। वहीं आपसी रंजिशों के हमलों में भी चाकुओं के हमले में कई घायल हो रहे हैं।
विज्ञापन
knife
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
चंडीगढ़ में नशे की लत पूरी और अन्य जरूरतों के लिए झपटमारी करने और पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए युवाओं में कमानीदार चाकू का प्रयोग बढ़ता जा रहा है। अब चंडीगढ़ पुलिस ऐसे चाकुओं की ऑनलाइन बिक्री को रोकने के लिए भी कदम उठाने जा रही है। इसके लिए ऐसी वेबसाइट्स को पत्र लिखा जाएगा।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक बाजार आदि में भी ऐसे चाकुओं की बिक्री रोकने के लिए पुलिस कदम उठा रही है। बता दें कि कई शॉपिंग वेबसाइटों पर कमानीदार और अन्य प्रकार के खतरनाक चाकू बेचे जा रहे हैं। डीएसपी (नार्थ-ईस्ट) पी. अभिनंदन ने बताया कि ई-कामर्स के जरिए बेचे जा रहे ऐसे चाकुओं की बिक्री बंद करवाने के लिए पुलिस विभाग जल्द ही आगे पत्र लिखेगा ताकि ऐसे चाकुओं की बिक्री बंद करवाई जा सके। उन्होंने बताया कि कमानीदार चाकू रखना पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। इन्हें रखने पर आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत कार्रवाई का प्रावधान है।
विज्ञापन
वहीं एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कमानीदार चाकुओं को रखना आसान होता है और यह काफी खतरनाक होते हैं। ऐसे में इनका प्रयोग वारदातों में ज्यादा हो रहा है। शहर में चाकुओं के हमले में कई जानें भी जा रही हैं। वहीं आपसी रंजिशों के हमलों में भी चाकुओं के हमले में कई घायल हो रहे हैं। नए वर्ष के शुरुआती तीन दिनों में मौली जागरां और सेक्टर 19 में चाकू के हमले से दो युवाओं की जान जा चुकी है।
विज्ञापन
दो सगे भाइयों से बरामद हुआ था कमानीदार चाकुओं का जखीरा
4 जनवरी को मौली जागरां थाना पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर चंडीगढ़ नंबर की इनोवा से दो भाईयों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से कुल 236 कमानीदार चाकू बरामद किए थे। पकड़े गए आरोपी पंचकूला सेक्टर 9 निवासी दो सगे भाई थे। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज हुआ था।
पेशे से व्यापारी दोनों भाई मनीमाजरा में एक डिपार्टमेंटल स्टोर चलाते हैं। पुलिस के मुताबिक हाल ही में चाकुओं से हुई संगीन आपराधिक वारदातों के बाद दोनों घबरा गए थे और चाकुओं को किसी सुनसान जगह पर फेंकने जा रहे थे। पुलिस पता लगा रही है कि आरोपी इन चाकुओं को कहां से लाते थे और किन्हें बेचते थे।
नए साल पर कमानीदार चाकू बरामदगी के दो मामले आए
इस वर्ष शुरुआती एक सप्ताह में कमानीदार चाकू समेत गिरफ्तारी के दो मामले सामने आ चुके हैं। ताजा मामले में 7 जनवरी को सेक्टर 26 थाना पुलिस ने बापूधाम कॉलोनी, सेक्टर 26 के सुरेश उर्फ नबुर को बापूधाम के सामुदायिक भवन के पास से कमानीदार चाकू समेत पकड़ा है। इससे पहले बीते 4 जनवरी को सेक्टर 36 थाना पुलिस ने झामपुर, मोहाली के 25 वर्षीय रोहित उर्फ तोता को चोरी की मोटरसाइकिल और कमानीदार चाकू समेत पकड़ा था।
दिसंबर में आधा दर्जन गिरफ्तारियां हुई
-22 दिसंबर को इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने बापूधाम के 21 वर्षीय युवक को कमानीदार चाकू समेत पकड़ा था।
-18 दिसंबर को मौली जागरां थाना पुलिस ने पंचकूला राजीव कॉलोनी के 22 वर्षीय युवक को चाकू के साथ पकड़ा था।
-12 दिसंबर को सेक्टर 26 थाना पुलिस ने बापूधाम कॉलोनी के 22 वर्षीय युवक को कमानीदार चाकू समेत पकड़ा था।
-11 दिसंबर को मौली जागरां थाना पुलिस ने राजीव कॉलोनी के 19 और 22 वर्षीय युवकों को कमानीदार चाकू समेत पकड़ा था।
-7 दिसंबर को सेक्टर 26 थाना पुलिस ने बापूधाम कॉलोनी के 23 वर्षीय युवक को कमानीदार चाकू समेत पकड़ा था।
-5 दिसंबर को मौली जागरां थाना पुलिस ने बलटाना के 21 वर्षीय युवक को कमानीदार चाकू समेत गिरफ्तार किया था।
ऑनलाइन बिकने वाले खतरनाक कमानीदार चाकुओं की चंडीगढ़ में बिक्री को रोकने के लिए विभाग जल्द ही ऐसी वेबसाइट्स को एक पत्र लिखेगा। वहीं बाजारों आदि में कमानीदार चाकू न बिक सके इसके लिए भी पुलिस का जांच अभियान जारी है। - पी. अभिनंदन, डीएसपी (नार्थ-ईस्ट) चंडीगढ़ पुलिस।